आईपीएल के बाद मुंबई टी20 लीग का आगाज़, रोहित शर्मा बने ब्रांड एंबेसडर
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के समाप्त होते ही मुंबई टी20 लीग की वापसी होने जा रही है, और इस बार इसका चेहरा होंगे स्टार बल्लेबाज़ रोहित शर्मा। लीग का तीसरा सीजन 26 मई से शुरू होगा, जो आईपीएल 2025 के फाइनल के ठीक एक दिन बाद खेला जाएगा। मुंबई टी20 लीग का आयोजन पहले साल 2018 और 2019 में हुआ था, लेकिन कोविड महामारी के कारण इसे रोक दिया गया था। अब एक लंबे अंतराल के बाद इस टूर्नामेंट की दोबारा शुरुआत हो रही है और इसके लिए रोहित शर्मा को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।
इस सीजन में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से दो टीमों के मालिक नए होंगे। इन टीमों में रोडवे सॉल्यूशंस इंडिया इंफ्रा लिमिटेड और रॉयल एज स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट का नाम शामिल है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के प्रमुख अजिंक्य नाइक ने कहा कि रोहित शर्मा का इस लीग से जुड़ना न सिर्फ युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा बल्कि इससे लीग की प्रतिष्ठा में भी इज़ाफा होगा।
रोहित शर्मा ने भी इस टूर्नामेंट को युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें लीग के पिछले दो सीजन याद हैं, जहां से कई खिलाड़ी आगे चलकर आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचे। रोहित के मुताबिक अगर कोई खिलाड़ी यहां अच्छा प्रदर्शन करता है तो अगली बार आईपीएल में जगह मिल सकती है और भारतीय टीम में एंट्री का रास्ता भी खुल सकता है।
इस मौके पर वानखेड़े स्टेडियम से जुड़ी एक और बड़ी घोषणा हुई, जहां रोहित शर्मा के नाम पर एक स्टैंड का नाम रखा जाएगा। रोहित ने इसे अपने जीवन का खास पल बताया और कहा कि जब उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत की थी, तब उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके नाम पर वानखेड़े जैसे ऐतिहासिक स्टेडियम में कोई स्टैंड होगा। उन्होंने याद किया कि कैसे वे 2003 या 2004 में अंडर-14 और अंडर-16 की ट्रेनिंग के बाद आजाद मैदान से रेलवे ट्रैक पार कर रणजी ट्रॉफी के खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए वानखेड़े स्टेडियम के बाहर खड़े रहते थे।
Share this content:
