Wimbledon 2025: जोकोविच ने तीसरे राउंड में पहुंचते ही तोड़ा फेडरर का रिकॉर्ड, 99वीं जीत के साथ रचा इतिहास
नोवाक जोकोविच का विंबलडन 2025 में दमदार प्रदर्शन जारी है। 38 वर्षीय सर्बियाई दिग्गज ने गुरुवार को ब्रिटेन के डैन इवांस को सीधे सेटों में 6-3, 6-2, 6-0 से हराकर न सिर्फ तीसरे दौर में जगह बनाई, बल्कि ओपन एरा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली।
19वीं बार तीसरे राउंड में पहुंचे, फेडरर को छोड़ा पीछे
इस जीत के साथ जोकोविच विंबलडन में 19वीं बार तीसरे राउंड में पहुंचने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्विस दिग्गज रोजर फेडरर के नाम था, जिन्होंने 18 बार यह कारनामा किया था। साथ ही, यह जोकोविच की विंबलडन में 99वीं जीत भी रही।
मैच के बाद जोकोविच ने मजाकिया अंदाज़ में कहा,
“19 बार तीसरे दौर में पहुंचना बहुत अच्छा है। यह आंकड़ा शायद अल्कारेज और सिनर की उम्र जितना ही है!”
बता दें कि अल्कारेज 22 और यानिक सिनर 23 साल के हैं — दोनों को जोकोविच ने हाल ही में प्रतिद्वंद्वी के रूप में टेनिस में उभरते सितारे बताया था।
अब तक 7 विंबलडन और 24 ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं जोकोविच
जोकोविच अब तक 7 बार विंबलडन चैंपियन रह चुके हैं और उनके नाम कुल 24 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। विंबलडन 2025 में उनके खेल की धार देखकर अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि वे इस बार भी खिताब के प्रबल दावेदार हैं।
महिलाओं के मुकाबलों में आंद्रीवा, नवारो और रिबाकिना ने मारी बाज़ी
महिला सिंगल्स में रूस की सातवीं वरीय मीरा आंद्रीवा ने इटली की लूसिया ब्रोंजेटी को 6-1, 7-6 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं अमेरिका की ऐमा नवारो ने वेरोनिका कुदरमेतोवा को 6-1, 6-2 से मात दी।
विंबलडन 2022 की चैंपियन एलेना रिबाकिना ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीस की मारिया सकारी को 6-3, 6-1 से हराया और अगले राउंड में जगह बनाई।
पुरुष सिंगल्स में डि मिनोर और दिमित्रोव का जलवा
ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डि मिनोर ने फ्रांस के आर्थर केजॉक्स को 4-6, 6-2, 6-4, 6-0 से हराया। वहीं 19वीं वरीयता प्राप्त ग्रेगोर दिमित्रोव ने कोरेनटिन मोटेट को 7-5, 4-6, 7-5, 7-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
जोकोविच के लिए अब नजरें उनके 100वें विंबलडन मैच की जीत और आठवें खिताब की ओर टिक गई हैं। क्या वह यह मील का पत्थर भी पार करेंगे? यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।
Share this content:
