डांडिया महाकुंभ सीजन-2 का आगाज: लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक की डांस टीम ने बिखेरा जलवा, गरबा की धुन पर झूमे बच्चे और महिलाएं
लखनऊ। नवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ में डांडिया और गरबा का रंग चढ़ने लगा है। इसी क्रम में महफिल मेकर की ओर से 1090 चौराहा स्थित रेगालिया ग्रीन्स, चटोरी गली में शनिवार से डांडिया महाकुंभ सीजन-2 का भव्य आगाज हुआ। चार दिवसीय यह उत्सव 20 अक्टूबर तक चलेगा। आयोजन में परिवारों, बच्चों, युवाओं, कपल्स और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी देखने को मिल रही है। लाइव डांडिया-गरबा, म्यूजिक और डीजे की धुन पर प्रतिभागी जमकर थिरक रहे हैं। वहीं, रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजे परिसर में लोग नृत्य के साथ फोटो और वीडियो बनाकर उत्सव के पलों को यादगार बना रहे हैं। कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है, जो प्रतिभागियों के उत्साह को और बढ़ा रहा है।
लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक की डांस टीम ने बिखेरा जलवा
कार्यक्रम में राजाजीपुरम स्थित लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक की डांस टीम ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एकेडमी की कोऑर्डिनेटर प्राची श्रीवास्तव ने बताया कि एकेडमी की महिलाओं और बच्चों की टीम ने अपनी-अपनी डांस प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मंच पर जब बच्चों ने अपनी नृत्य प्रस्तुतियां दीं, तो उनकी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन को देखकर मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। वहीं, एकेडमी की महिलाओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान पहनकर डांडिया खेला और गरबा की धुन पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरी टीम की भागीदारी ने कार्यक्रम की रौनक को और बढ़ा दिया।

बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मिलता है मंच: राय मणिपति राय
लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक के डायरेक्टर राय मणिपति राय ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच मिलता है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को अधिक से अधिक लोगों के सामने अपनी प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ कला और संस्कृति के प्रति उनकी रुचि को भी बढ़ावा देती है।

महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
डांडिया महाकुंभ में लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक की ओर से कई महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। महिलाओं में नीलम, सावित्री, पूजा, प्रियंका, साधना, नेहा और निशा शामिल रहीं। वहीं, बच्चों में प्रिशा, सृष्टि, आध्या, अन्वी, सिद्धि, हिमांशी, प्रिशा गुप्ता, सात्विकी, अश्वी, निहारिका, इंडियाना, उन्नति और श्मायम आदि ने अपनी प्रस्तुतियों और सहभागिता से कार्यक्रम को खास बनाया। नवरात्रि के उल्लास, पारंपरिक परिधानों, संगीत और नृत्य से सजे इस आयोजन में प्रतिभागियों ने उत्सव के रंगों का भरपूर आनंद लिया।
Share this content:
