IND vs ENG: टीम इंडिया ने बैजबॉल की निकाली हवा, पाकिस्तान को पछाड़ रचा नया रिकॉर्ड, बनी सबसे बड़ी स्कोरिंग टीम
एजबेस्टन टेस्ट में टीम इंडिया का प्रदर्शन सिर्फ शानदार नहीं, ऐतिहासिक भी रहा। इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे टेस्ट सीरीज़ के दूसरे मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 587 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर के साथ भारत ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली है—वह बैजबॉल एरा में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई है।
बैजबॉल को चुनौती देती भारतीय बल्लेबाजी
जून 2022 में इंग्लैंड क्रिकेट में टेस्ट का चेहरा बदल गया था, जब ब्रेंडन मैकुलम को कोच और बेन स्टोक्स को कप्तान बनाया गया। इन दोनों ने मिलकर टेस्ट क्रिकेट को तेज और आक्रामक रूप देने का काम किया, जिसे बाद में ‘बैजबॉल’ कहा गया। इस रणनीति ने इंग्लैंड को कई रोमांचक जीत दिलाईं, लेकिन अब भारत ने उसी बैजबॉल के खिलाफ एक नई इबारत लिख दी है।
भारत ने एजबेस्टन में 587 रन बनाकर बैजबॉल एरा में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था, जिसने साल 2022 में रावलपिंडी टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ 579 रन बनाए थे।
अब तक बैजबॉल के दौर में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन
भारत – 587 रन (एजबेस्टन टेस्ट, 2025)
पाकिस्तान – 579 रन (रावलपिंडी टेस्ट, 2022)
पाकिस्तान – 556 रन (मुल्तान टेस्ट, 2024)
न्यूजीलैंड – 553 रन (नॉटिंघम टेस्ट, 2022)
न्यूजीलैंड – 483 रन (वेलिंग्टन टेस्ट, 2023)
भारत की स्थिति टेस्ट में मजबूत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने गजब का संयम और आक्रामकता दिखाते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों को बैकफुट पर ढकेल दिया। शुभमन गिल की ऐतिहासिक 269 रनों की पारी के अलावा बाकी बल्लेबाजों ने भी अपना योगदान दिया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड की टीम ने 77 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। जैक क्राउली, बेन डकेट और ओली पोप के विकेट गिरने से भारत ने मुकाबले पर पकड़ बना ली है। अब तीसरे दिन का पहला सत्र बेहद अहम रहने वाला है, जहां भारत की रणनीति इंग्लैंड की पहली पारी को जल्द समेटने की होगी।
फिलहाल, टीम इंडिया ने न सिर्फ एजबेस्टन की पिच पर बल्ले से दबदबा दिखाया है, बल्कि आंकड़ों के जरिए भी यह संदेश दे दिया है कि बैजबॉल का जवाब ‘इंडियन क्लासिक टेस्ट बैटिंग’ में छुपा है।
Share this content:
