होली और रमज़ान को लेकर मायावती की नसीहत: अधिकारियों के गलत इस्तेमाल पर जताई आपत्ति, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश सरकार को संभल की घटना से सबक लेने की नसीहत देते हुए कहा है कि अधिकारियों का गलत इस्तेमाल ठीक नहीं है। उन्होंने होली और रमज़ान को आपसी भाईचारे का प्रतीक बनाने की अपील की है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “जैसा कि विदित है कि इस समय रमज़ान का पाक महीना चल रहा है और इसी बीच जल्द ही होली का त्योहार भी आ रहा है। ऐसे में यूपी सहित पूरे देश में सभी राज्य सरकारों को इसे आपसी भाईचारे में तब्दील करना चाहिए, ताकि सभी धर्मों के अनुयायियों के मान-सम्मान का बराबर ध्यान रखा जा सके।” उन्होंने कहा कि इस दौरान किसी भी प्रकार की राजनीति करना उचित नहीं होगा और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए।
संभल विवाद और योगी सरकार की प्रतिक्रिया
संभल जिले में पुलिस अधिकारी सीओ अनुज चौधरी के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उनके बयान में कहा गया था कि “जिसे होली के रंगों से दिक्कत है, वह घर के बाहर न निकले।” इस बयान पर बवाल मचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका समर्थन किया और कहा कि “वह एक पहलवान हैं, इसलिए ऐसा बोल रहे हैं। लोगों को सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए।”
इस साल होली शुक्रवार को पड़ रही है, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
Share this content:
