दिल्ली के प्रीत विहार में यूपी पुलिस का कॉन्स्टेबल बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार
दिल्ली के प्रीत विहार थाना पुलिस ने एक बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए यूपी पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल मोहसिन को गिरफ्तार किया है। आरोपी छुट्टी लेकर दिल्ली आया था और यहां बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। मोहसिन बागपत जिले के बड़ौत तहसील के दोघट गांव का रहने वाला है और मेरठ में 44वीं पीएसी में तैनात है।
पुलिस को आरोपी के पास से दो चाबियां मिली हैं जिनसे वह चोरी की बाइक खोलता था। जांच में पता चला कि मोहसिन को जुए की लत थी, जिसके कारण वह कर्ज में डूबा हुआ था। कर्ज चुकाने के लिए उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया। इससे पहले भी वह प्रीत विहार इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी कर चुका था।
पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने प्रीत विहार से चोरी की गई बाइक मेरठ के वीर नगला इलाके में एक युवक को बेच दी थी। मोहसिन को मंगलवार रात राजधानी एनक्लेव के पास गश्त के दौरान पकड़ा गया। पुलिस जांच के दौरान उसने शुरुआत में अपनी मंशा छुपाने की कोशिश की, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद सच स्वीकार कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच में आरोपी के कथन सही पाए गए हैं। फिलहाल मोहसिन पुलिस की हिरासत में है और उसकी गिरफ्तारी की जानकारी यूपी पुलिस को भी भेज दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और ऐसे किसी भी अन्य संदिग्ध की खोज जारी है।
Share this content:
