लोहिया संस्थान के बाहर ठेलेवालों ने की मारपीट: एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, कई ठेले पलटे
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में ठेलेवालों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। लोहिया संस्थान के गेट नंबर-8 के सामने दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई मारपीट के दौरान ठेलेवालों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान लइया-भूंजा के ठेलों के नीचे रखे पटरे निकालकर मारपीट की गई। एक ठेलेवाले को खदेड़ते हुए उसकी पीठ पर लगातार वार किए गए। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और कई लोग इसमें शामिल हो गए। मारपीट के दौरान कई ठेले पलट दिए गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करीब 10 मिनट तक चले हंगामे के बाद घटनास्थल पर सन्नाटा छा गया।
मामला विभूतिखंड थाना क्षेत्र में लोहिया संस्थान के गेट नंबर-8 के सामने का है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे किसी बात को लेकर दो ठेलेवालों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद कई लोग इस झगड़े में शामिल हो गए और मौके पर जमकर मारपीट होने लगी। हालात ऐसे हो गए कि किसी को समझ नहीं आ रहा था कि कौन किसे पीट रहा है। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में ठेलेवालों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है। लोग एक-दूसरे को दौड़ाते हुए हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि मारपीट के दौरान ठेले भी पलट दिए गए।
अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को हुई परेशानी
लोहिया संस्थान के गेट के सामने हुई मारपीट का असर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों पर भी पड़ा। गेट पर हंगामा और मारपीट होने के कारण लोगों को अस्पताल के अंदर जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि अस्पताल में इलाज कराने आए कुछ लोग बाहर खाने-पीने के लिए निकले थे, लेकिन मारपीट के दौरान ठेले पलटने से उनका खाना भी गिर गया। घटना के कारण मौके पर काफी देर तक अव्यवस्था बनी रही और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
पुलिस के पहुंचने के बाद भी जारी रही मारपीट
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस के सामने भी दबंग एक-दूसरे के साथ मारपीट करते रहे। इस दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद स्थिति शांत हुई। मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ठेलेवालों के बीच अफरा-तफरी और मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। घटना के चलते अस्पताल के गेट के सामने कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
Share this content:
