यूपी में ताबड़तोड़ मुठभेड़ें: किस जिले में किस बदमाश से भिड़ी पुलिस, किसे लगी गोली और कौन पहुंचा सलाखों के पीछे?
उत्तर प्रदेश की सड़कों पर बीती रात गोलियों की गूंज सुनाई दी। एक तरफ पुलिस का सायरन और दूसरी ओर अपराधियों की फायरिंग… ये कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि हकीकत है यूपी के मथुरा, नोएडा, सुल्तानपुर और कौशांबी जिलों की, जहां पुलिस और बदमाश आमने-सामने आ गए। नतीजा—कुछ घायल, कुछ गिरफ्तार और अपराध के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति एक बार फिर जमीन पर दिखी।
सबसे पहले बात नोएडा की—ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक कुख्यात ठग से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। यह बदमाश एक व्यापारी से 10 लाख की ठगी कर चुका था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे घेरा तो बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे पैर में गोली लगी और उसे धर दबोचा गया। खास बात यह है कि इस अपराधी के खिलाफ हरियाणा में भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
अब रुख करते हैं मथुरा का, जहां दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर दो दिन पहले हुई बड़ी चांदी लूट का खुलासा हुआ। पुलिस को सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल दो बदमाश बुलेरो गाड़ी में सवार होकर इलाके से गुजर रहे हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों—राहुल और नीरज—घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने इस ऑपरेशन को बड़ी सफलता बताया है।
सुल्तानपुर में भी रात में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। कादीपुर थाना क्षेत्र में गौ तस्करों की सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम ने घेराबंदी की। लेकिन जैसे ही बदमाशों ने खुद को फंसता देखा, उन्होंने भी पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने दो तस्करों—मोहम्मद जावेद और साहिल को गोली मारकर घायल कर दिया और तीसरे आरोपी सुशील उपाध्याय को मौके से दबोच लिया। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
कौशांबी जिले में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। पिपरी और लोधौर चौकी की पुलिस ने एक चोर गैंग को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गोली लगी जबकि उसका साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
इन मुठभेड़ों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश पुलिस अब अपराधियों को खुली छूट देने के मूड में नहीं है। हर जिले में तेजी से कार्रवाई हो रही है और अपराधियों को या तो जेल की सलाखों के पीछे या अस्पताल के बिस्तर पर पहुंचाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में ऐसे ऑपरेशन और भी तेज़ होंगे।
Share this content:
