यूपी में फिर लौट रहा है मानसून, 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी — शनिवार रात से दिखेगा असर
गर्मी और उमस से बेहाल उत्तर प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर है। एक बार फिर मानसून प्रदेश पर मेहरबान होने जा रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि शनिवार की शाम या रात से प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो जाएगा, जो रविवार और सोमवार के बीच तेज़ बारिश में बदल सकता है। कुल 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले कुछ दिनों से यूपी में मानसून की सक्रियता बेहद कम रही। अमौसी स्थित मौसम विभाग के मुख्यालय के अनुसार, इसकी वजह ट्रफ लाइन यानी मानसून की मुख्य धारा का दक्षिण की ओर खिसकना था, जिससे वह उत्तर प्रदेश को छोड़कर मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में केंद्रित हो गई थी। इसके चलते मध्य प्रदेश और सीमावर्ती यूपी के कुछ जिलों में तो बारिश हुई, लेकिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में सिर्फ बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी ही देखने को मिली।
हालांकि अब मानसून की ट्रफ लाइन एक बार फिर उत्तर दिशा की ओर बढ़ रही है, जिससे यूपी के अधिकतर जिलों में व्यापक बारिश की संभावना बन रही है। शनिवार की रात से ही इसका असर महसूस किया जाने लगेगा और रविवार-मंगलवार तक कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है।
यह बारिश न केवल तापमान में गिरावट लाएगी, बल्कि खेतों में खड़ी खरीफ फसलों के लिए भी संजीवनी साबित हो सकती है। मौसम विभाग की इस चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Share this content:
