लापरवाह अफसरों को सीएम योगी की दो टूक चेतावनी — नहीं सुधरे तो होगी सख्त कार्रवाई, इंजीनियरों पर गिरी गाज
उत्तर प्रदेश सरकार ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ एक बार फिर सख्त रवैया अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ, तो भविष्य में और कठोर कदम उठाए जाएंगे। इसी क्रम में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 से जुड़ी परियोजनाओं में लापरवाही के चलते चार परियोजना प्रबंधकों और तीन अवर अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टियां दी गई हैं।
दरअसल, परती भूमि विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हाल ही में की गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप परियोजनाओं की प्रगति को परखा गया। राज्य स्तरीय नोडल एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जीएस नवीन कुमार ने बताया कि बैठक में बीते पांच वर्षों की परियोजनाओं के डीपीआर के अनुसार किए गए कार्यों और मौजूदा वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना की जानकारी मांगी गई थी। लेकिन चार परियोजना प्रबंधक और तीन अवर अभियंता कोई भी स्पष्ट विवरण देने में असमर्थ रहे।
इन अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद मुख्यमंत्री ने इस लापरवाही को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यह सिर्फ चेतावनी नहीं है, अगर अब भी सुधार नहीं हुआ तो निलंबन, विभागीय जांच या सेवा समाप्ति जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का यह सख्त संदेश साफ कर रहा है कि विकास योजनाओं में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और समयबद्ध व पारदर्शी कार्य ही अब अधिकारियों के प्रदर्शन का मापदंड होंगे।
Share this content:
