April 18, 2026

मेटा अलर्ट और यूपी पुलिस की सतर्कता से बची युवक की जान, प्यार में धोखा खाकर किया था सुसाइड अटेंप्ट

उत्तर प्रदेश पुलिस की सक्रियता और मेटा कंपनी की तकनीकी सतर्कता ने एक युवक की जान बचा ली। मथुरा जिले के रहने वाले 18 वर्षीय युवक ने बुधवार सुबह इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा एक भावुक और गंभीर पोस्ट शेयर किया, जिसमें उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की बात लिखी थी। युवक ने पोस्ट में लिखा था — ‘आई लव यू बिटू बाबू, आज 40 गोली खाली मैंने, कर लो बात कहीं, मर गया तो मत कहना।’

मेटा की निगरानी प्रणाली ने इस खतरनाक कंटेंट को तुरंत ट्रेस किया और सुबह 11:18 बजे यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर को ईमेल और फोन के जरिए अलर्ट भेजा। डीजीपी मुख्यालय ने तुरंत मथुरा पुलिस को सतर्क किया। डीजीपी राजीव कृष्ण के सख्त निर्देश के तहत गठित टीम ने तेज़ी से लोकेशन ट्रेस कर युवक को 16 मिनट के अंदर खोज निकाला और उसकी जान बचा ली।

पुलिस की इस समयबद्ध कार्रवाई के चलते युवक को समय रहते इलाज उपलब्ध कराया गया और उसकी हालत अब स्थिर है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक प्यार में धोखा खाने के बाद भावनात्मक रूप से टूट गया था और इसी के चलते उसने यह कदम उठाने की कोशिश की थी।

इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि कैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और पुलिस प्रशासन के बीच तकनीकी समन्वय गंभीर परिस्थितियों में जीवनरक्षक साबित हो सकता है। फिलहाल युवक की काउंसलिंग कराई जा रही है और उसके परिवार से भी संपर्क में पुलिस बनी हुई है।

यूपी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की व्यापक सराहना हो रही है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की निगरानी प्रणाली और जागरूकता से भविष्य में भी कई जिंदगियों को समय रहते बचाया जा सकेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!