प्रेमिका से शादी के लिए बीटेक छात्र बना फर्जी टीटीई, वाराणसी कैंट स्टेशन से गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका से शादी करने की चाह में एक बीटेक पास युवक फर्जी टीटीई बनकर घूम रहा था। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में युवक को यात्री हाल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा निवासी आदर्श जायसवाल के रूप में हुई है।
पूछताछ में आदर्श ने बताया कि वह बीटेक की डिग्री रखने के बावजूद बेरोजगार है और प्रेमिका से शादी करना चाहता है। लेकिन घरवालों की मंजूरी नहीं मिलने के चलते उसने खुद को रेलवे कर्मचारी दिखाने के लिए फर्जी टीटीई का आईडी कार्ड और एप्रन बनवाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल एप के जरिए यात्रियों को फर्जी टिकट भी बनाकर देता था। उसने 17 जून को दो महिला यात्रियों को जनता एक्सप्रेस में बी-3 कोच का टिकट भेजा था, लेकिन स्टेशन पहुंचने पर कोच बदलकर M-2 मिला, जिससे यात्रियों को संदेह हुआ और मामला खुल गया।
इसके अलावा एक अन्य यात्री के ई-टिकट में गड़बड़ी की शिकायत पर जब जांच हुई तो फर्जीवाड़ा उजागर हो गया। आरोपी के पास से पूर्व मध्य रेलवे का नकली आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।
आदर्श ने बताया कि उसके परिवार वाले शादी के लिए तैयार नहीं हैं, इसलिए उसने यह झूठा रूप धारण कर अपने रिश्ते को साबित करने की कोशिश की। फिलहाल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
Share this content:
