May 5, 2026

अमेरिका का भारत पर आर्थिक वार, रूस से तेल खरीद पर ट्रंप ने लगाया 25% टैरिफ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर बड़ा आर्थिक हमला करते हुए 1 अगस्त से 25 प्रतिशत टैरिफ लागू करने की घोषणा कर दी है। ये टैरिफ भारत द्वारा रूस से बड़े पैमाने पर कच्चा तेल खरीदने की वजह से लगाया गया है। ट्रंप ने टैरिफ की घोषणा करते हुए तीखी भाषा का इस्तेमाल किया और भारत को रूस से बढ़ते संबंधों के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

 

रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते पश्चिमी देशों ने रूस से व्यापार पर रोक लगा दी है, लेकिन भारत ने बीते कुछ वर्षों में रूस से सस्ते दामों पर बड़े पैमाने पर कच्चा तेल मंगाया है। यही कारण है कि अमेरिका अब भारत को लेकर सख्त हो गया है। राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि भारत न सिर्फ सैन्य उपकरण रूस से लेता है बल्कि ऊर्जा के मामले में भी सबसे बड़ा ग्राहक बन गया है।

 

ट्रंप ने अपने बयान में भारत के व्यापारिक रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत में आयात शुल्क और गैर-आर्थिक व्यापार बाधाएं दुनिया में सबसे कठिन हैं, जिससे अमेरिका के लिए व्यापार करना हमेशा मुश्किल रहा है। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भारत को अब रूस से दोस्ती की कीमत चुकानी होगी और 1 अगस्त से टैरिफ के अलावा जुर्माना भी लागू होगा।

 

इस अमेरिकी फैसले का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिल सकता है। आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि इससे निवेशकों में घबराहट फैल सकती है और बाजार में बड़ी गिरावट आ सकती है। खासकर तब, जब बीते दो कारोबारी दिनों में शेयर बाजार में मजबूती देखी गई थी।

 

अब देखना होगा कि भारत इस चुनौतीपूर्ण स्थिति से कैसे निपटता है। रूस से संबंधों को बनाए रखना और अमेरिका से व्यापारिक संतुलन साधना भारत के लिए कूटनीतिक रूप से बेहद नाजुक मोड़ पर खड़ा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!