April 18, 2026

तेलंगाना: बीमार मां की देखभाल से परेशान बेटे ने नदी में धक्का देकर की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी बुजुर्ग और बीमार मां को नदी में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया है। आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

घटना कामारेड्डी जिले के पितलम मंडल के बोलकपल्ली गांव की है। मृतका की पहचान 77 वर्षीय सयाव्वा के रूप में हुई है, जो लंबे समय से बीमार थीं। बीते गुरुवार को गांव के बाहरी इलाके में मंजीरा नदी से एक महिला का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने जांच शुरू की और सूचना के आधार पर मृतका के बेटे एरोला बलैया को बांसवाड़ा मंडल से गिरफ्तार किया गया। उसके साथ मौजूद नाबालिग साथी को भी पकड़ लिया गया।

पुलिस पूछताछ में बलैया ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसकी मां बीमारी की वजह से बिस्तर पर थीं और उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था। इस जिम्मेदारी से परेशान होकर उसने 8 सितंबर की रात मां को बाइक पर बैठाकर बोलकपल्ली पुल तक ले गया और वहां से उन्हें मंजीरा नदी में धक्का दे दिया। इस घटना के समय नाबालिग साथी भी उसके साथ मौजूद था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में उपयोग की गई बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि बलैया की पत्नी पहले ही आत्महत्या कर चुकी थी। इस घटना के बाद गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मां की देखभाल एक जिम्मेदारी है, लेकिन बेटे का यह कदम बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।

फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग साथी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को सुलझाने में शामिल अधिकारियों और टीम की सराहना की है। यह घटना न सिर्फ समाज को झकझोरने वाली है बल्कि यह भी दिखाती है कि पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों से भागना कितना भयावह परिणाम ला सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!