IND vs SA T20 सीरीज: टीम इंडिया ने भले ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए तीसरे T20 मुकाबले में जीत दर्ज कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली हो, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब बल्लेबाजी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। लगातार फ्लॉप प्रदर्शन के बावजूद सूर्या ने खुद को आउट ऑफ फॉर्म मानने से साफ इनकार कर दिया है।
धर्मशाला T20 मुकाबले में भी सूर्यकुमार यादव से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन एक बार फिर उनका बल्ला खामोश रहा। वह 11 गेंदों पर सिर्फ 12 रन बनाकर लुंगी एनगिडी की गेंद पर आउट हो गए। इसके साथ ही T20 इंटरनेशनल में उनके अर्धशतक का इंतजार और लंबा हो गया। सूर्या पिछले 21 T20I मैचों में एक भी अर्धशतक नहीं जड़ पाए हैं।
आंकड़े भी सूर्यकुमार यादव की मुश्किलें साफ दिखाते हैं। पिछली 21 T20 इंटरनेशनल पारियों में उन्होंने सिर्फ 239 रन बनाए हैं, वह भी 13.27 की बेहद कमजोर औसत और 118.90 के स्ट्राइक रेट के साथ। साल 2025 में खेले गए 20 T20I मुकाबलों में उनके बल्ले से केवल 213 रन निकले हैं और इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 47 रन रहा है। ये आंकड़े T20 फॉर्मेट के लिहाज से किसी भी टॉप बल्लेबाज के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं।
हालांकि, फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स जहां सूर्यकुमार यादव को आउट ऑफ फॉर्म मान रहे हैं, वहीं खुद कप्तान का नजरिया बिल्कुल अलग है। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ जैसे जानकार भी T20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए सूर्या के फॉर्म को टीम इंडिया के लिए गंभीर चिंता बता चुके हैं। इसके बावजूद सूर्या अपने प्रदर्शन को लेकर आत्मविश्वास से भरे नजर आए।
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वह नेट्स में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्हें अपने खेल पर भरोसा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैं आउट ऑफ फॉर्म नहीं हूं, सिर्फ आउट ऑफ रन हूं। जब रन आने होंगे, आ जाएंगे।” कप्तान का यह बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही सूर्या अपने बल्ले से जवाब देंगे।
Share this content:
