May 7, 2026

भारत: विजय हजारे ट्रॉफी को लेकर BCCI का बड़ा फैसला, टीम इंडिया के खिलाड़ियों को हर हाल में खेलने होंगे 2 मैच

BCCI On VHT: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही टी20 सीरीज के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए एक नया नियम लागू कर दिया है। इस फैसले के तहत वनडे और टी20 टीम में शामिल सभी खिलाड़ियों को घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में कम से कम दो मुकाबले खेलना अनिवार्य होगा।

बीसीसीआई का यह निर्देश ऐसे समय आया है, जब भारतीय टीम लगातार इंटरनेशनल सीरीज खेल रही है और खिलाड़ी लंबे समय से घरेलू क्रिकेट से दूर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड चाहता है कि सीनियर और सेंट्रली कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ी जब भी नेशनल ड्यूटी से फ्री हों, तब घरेलू टूर्नामेंट में जरूर हिस्सा लें। विजय हजारे ट्रॉफी भारत का प्रमुख लिस्ट-ए टूर्नामेंट है, जो 24 दिसंबर 2025 से शुरू होकर 18 जनवरी 2026 तक चलेगा।

इस फैसले का मकसद खिलाड़ियों की मैच फिटनेस बनाए रखना और घरेलू क्रिकेट को मजबूती देना बताया जा रहा है। बीसीसीआई का मानना है कि घरेलू मुकाबलों में खेलने से खिलाड़ियों को लगातार मैच प्रैक्टिस मिलेगी और युवा क्रिकेटरों को सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और उनसे सीखने का मौका भी मिलेगा। इससे पहले रणजी ट्रॉफी में भी कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपनी-अपनी राज्य टीमों के लिए खेलते नजर आए थे।

इस नियम का असर सीनियर खिलाड़ियों पर भी साफ दिखेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, विराट कोहली विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली की ओर से कम से कम दो मुकाबले खेलेंगे। कोहली ने दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन को अपनी उपलब्धता की जानकारी दे दी है। खास बात यह है कि विराट ने आखिरी बार विजय हजारे ट्रॉफी का मैच साल 2010 में खेला था। वहीं, रोहित शर्मा के भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की संभावना जताई जा रही है, जिन्होंने आखिरी बार 2018 में यह टूर्नामेंट खेला था।

बीसीसीआई का यह कदम घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच बेहतर संतुलन बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इससे न सिर्फ घरेलू टूर्नामेंट की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि टीम इंडिया के खिलाड़ी भी लगातार प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में बने रहेंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!