Kis Kisko Pyaar Karoon 2 Box Office: टीवी और ओटीटी की दुनिया में अपनी कॉमेडी से राज करने वाले कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। रिलीज के तीन दिन पूरे कर चुकी इस फिल्म की कमाई अब तक सीमित ही रही है, जिससे इसके बॉक्स ऑफिस भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
कपिल शर्मा के फैंस की संख्या किसी से छिपी नहीं है। उनके कॉमेडी शो को देश-विदेश में जबरदस्त लोकप्रियता मिलती है। इसके अलावा कपिल ने फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग से अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। साल 2015 में आई उनकी पहली फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ को दर्शकों ने पसंद किया था और बॉक्स ऑफिस पर भी उस फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया था। इसी सफलता के चलते करीब 10 साल बाद इसका सीक्वल ‘किस किसको प्यार करूं 2’ रिलीज किया गया।
हालांकि, सीक्वल को पहले भाग जैसी ओपनिंग नहीं मिल सकी। फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। दूसरे दिन कमाई में हल्का सुधार देखने को मिला और फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये बटोरे। तीसरे दिन का कलेक्शन 2.85 करोड़ रुपये रहा। इस तरह फिल्म ने तीन दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 7.20 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है।
विदेशी बाजारों में भी कपिल शर्मा की इस फिल्म को खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो दिनों में ओवरसीज कलेक्शन महज 50 लाख रुपये रहा है। भारत और विदेशों को मिलाकर फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 8.55 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। यह आंकड़े उस स्तर के नहीं हैं, जिसकी उम्मीद मेकर्स ने रिलीज से पहले की थी।
अगर फिल्म के बजट की बात करें तो ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का अनुमानित बजट करीब 25 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। मौजूदा कलेक्शन को देखते हुए फिल्म के लिए बजट निकालना आसान नहीं दिख रहा। आने वाले दिनों में वीकडेज़ और वर्ड ऑफ माउथ पर ही यह तय होगा कि कपिल शर्मा की यह कॉमेडी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खुद को संभाल पाती है या नहीं।
Share this content:
