भारत–दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज के बीच ड्रेसिंग रूम विवाद की चर्चा, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के दौरान टीम इंडिया की हार के बाद एक वीडियो ने बवाल मचा दिया है। पंजाब के मुल्लानपुर में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत को 51 रनों से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी, जिसके बाद सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। इसी मुकाबले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें हेड कोच गौतम गंभीर और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के बीच तीखी बातचीत होती दिख रही है।
वायरल वीडियो को लेकर फैंस दावा कर रहे हैं कि हार के बाद गंभीर और पंड्या के बीच जोरदार बहस हुई। हालांकि वीडियो में ऑडियो नहीं है, इसलिए यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों किस मुद्दे पर बात कर रहे थे। इसके बावजूद गंभीर और हार्दिक की बॉडी लैंग्वेज को देखकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं और टीम के अंदर तनाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मैच की बात करें तो भारत को 214 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरी टीम 162 रन पर ही ढेर हो गई। शुभमन गिल बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव सिर्फ 5 रन बना सके। हार्दिक पंड्या भी 23 गेंदों में 20 रन ही जोड़ पाए। अक्षर पटेल को तीसरे नंबर पर भेजने का फैसला भी खास असर नहीं दिखा सका। सिर्फ तिलक वर्मा ने 62 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं ले जा सके।
बैटिंग ऑर्डर में किए गए प्रयोग और गेंदबाजों की महंगी गेंदबाजी पर पहले ही सवाल उठ रहे थे, अब इस वायरल वीडियो ने टीम मैनेजमेंट पर दबाव और बढ़ा दिया है। गौतम गंभीर के कोच बनने के बाद यह पहला मौका नहीं है जब उनके फैसलों को लेकर चर्चा हो रही हो।
अब सीरीज का तीसरा मुकाबला 14 दिसंबर को धर्मशाला में खेला जाएगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होगा। टीम इंडिया की नजर न सिर्फ सीरीज में बढ़त बनाने पर होगी, बल्कि मैदान के साथ-साथ ड्रेसिंग रूम में भी सब कुछ सामान्य दिखाने पर टिकी रहेगी।
Share this content:
