हैदराबाद में लियोनल मेसी का GOAT इंडिया टूर: कोलकाता के बवाल के बाद चाक-चौबंद सुरक्षा, खास इंतजाम लागू
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में मैच और म्यूजिकल प्रोग्राम, 2,500 पुलिसकर्मी तैनात
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के ‘GOAT इंडिया टूर 2025’ का दूसरा पड़ाव हैदराबाद है। कोलकाता में अव्यवस्था और हंगामे के बाद अब हैदराबाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 13 दिसंबर को मेसी राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में एक खास फुटबॉल मैच में हिस्सा लेंगे, जिसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी मैदान पर नजर आएंगे। इसके बाद शाम को मेसी के सम्मान में एक भव्य म्यूजिकल प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा।
कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में खराब इंतजाम और मेसी के जल्दी लौटने से नाराज फैंस ने तोड़फोड़ की थी। उसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए हैदराबाद में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को कई स्तर पर मजबूत किया गया है। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में दोपहर 2 बजे से रात 11:50 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है और कई रूट डायवर्जन किए गए हैं।
स्टेडियम में एंट्री के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं। क्यूआर कोड स्कैन के जरिए फैंस को सिर्फ एक बार प्रवेश मिलेगा, जिसके बाद प्रिंटेड बारकोड पास जारी किया जाएगा। बिना पास एंट्री करने पर आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सुरक्षा कारणों से बैग, पानी की बोतल, कैमरा, हेलमेट, लाइटर और नुकीली वस्तुएं ले जाने पर रोक रहेगी। दर्शकों को शाम 4 बजे से स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति होगी। पार्किंग के लिए कुल 10 स्थान तय किए गए हैं, जिनमें से एक केवल वीआईपी और वीवीआईपी के लिए होगा।
राचकोंडा पुलिस ने आयोजन के लिए करीब 2,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में 450 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। गेट नंबर-1 सिर्फ खिलाड़ियों और वीवीआईपी के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि दर्शकों को टिकट पर लिखे गेट से ही प्रवेश मिलेगा। 20 रोप पार्टियों को भी तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।
तेलंगाना डीजीपी शिवधर रेड्डी ने साफ कहा है कि कोलकाता की घटना से सबक लेते हुए हैदराबाद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि मेसी के कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
Share this content:
