तीसरी नो बॉल ने छीना बुमराह का विकेट, टीम इंडिया का बिगड़ा खेल, लीड्स टेस्ट में आखिरी ओवर बना सिरदर्द
लीड्स टेस्ट में दूसरे दिन का खेल जसप्रीत बुमराह के आखिरी ओवर के ड्रामे के साथ खत्म हुआ, जिसने टीम इंडिया के लिए एक अहम मौका गंवा दिया। बुमराह ने इस ओवर में एक नहीं, बल्कि तीन नो बॉल फेंकीं। तीसरी नो बॉल पर उन्होंने हैरी ब्रूक को आउट भी कर दिया था, लेकिन अंपायर के फैसले ने भारतीय खेमे का जश्न पलभर में मायूसियों में बदल दिया।
दूसरे दिन के आखिरी ओवर में कप्तान शुभमन गिल ने बुमराह से उम्मीद की थी कि वो इंग्लैंड की पारी में एक और झटका देंगे। लेकिन शुरुआत में दो डॉट गेंदों के बाद आई लगातार नो बॉल्स ने न सिर्फ लय तोड़ी बल्कि आखिरी गेंद पर कैच के बावजूद विकेट भी हाथ से निकल गया। बुमराह की गेंद पर सिराज ने ब्रूक का शानदार कैच पकड़ा, लेकिन थर्ड अंपायर की नो बॉल कॉल ने भारत की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
ये पहली बार था जब टेस्ट क्रिकेट में बुमराह और ब्रूक आमने-सामने आए थे। बुमराह ने इंग्लैंड की पारी में अब तक 3 विकेट झटके हैं और वो ब्रूक को भी पवेलियन भेजने ही वाले थे, मगर लाइन पार करने की गलती ने उन्हें इस सफलता से वंचित कर दिया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन बना लिए थे, और ब्रूक 12 गेंदें खेलकर बिना खाता खोले नाबाद हैं। अब भारत को नुकसान कितना बड़ा होगा, इसका फैसला तीसरे दिन होगा—अगर ब्रूक जीवनदान को बड़े स्कोर में बदलते हैं, तो ये नो बॉल बुमराह के लिए सिर पकड़ने वाली भूल बन सकती है।
क्रिकेट में कहा जाता है कि “एक गेंद, एक मैच पलट सकती है” — और बुमराह की ये नो बॉल उस कहावत की सबसे ताज़ा मिसाल बन गई है।
Share this content:
