May 1, 2026

सिडनी: चोटिल श्रेयस अय्यर को मिली हॉस्पिटल से छुट्टी, बीसीसीआई ने दी सेहत पर बड़ी अपडेट

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर एक राहत भरी खबर सामने आई है। सिडनी में इलाज करा रहे अय्यर को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है। बीसीसीआई ने बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान एलेक्स कैरी का कैच पकड़ते समय अय्यर बुरी तरह गिर गए थे, जिससे उनकी स्प्लीन (तिल्ली) में चोट आ गई थी और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

25 अक्टूबर से हॉस्पिटल में भर्ती श्रेयस की स्थिति शुरू में गंभीर थी, जिस वजह से उन्हें आईसीयू में भी रखा गया था। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने सिडनी और भारत के डॉक्टरों के साथ मिलकर उनका सफल इलाज किया। एक मामूली सर्जरी के बाद आंतरिक ब्लीडिंग रोक दी गई और अब अय्यर रिकवरी मोड में हैं। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि “श्रेयस की हालत स्थिर है और वह अच्छी तरह से स्वस्थ हो रहे हैं। मेडिकल टीम उनके सुधार से बेहद संतुष्ट है।”

जहां तक उनकी भारत वापसी की बात है, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया कि श्रेयस अभी कुछ दिनों तक सिडनी में ही डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। उन्हें उड़ान भरने की अनुमति मिलते ही वे भारत लौट आएंगे। फिलहाल फैंस के लिए यह राहत की बात है कि टीम इंडिया का यह भरोसेमंद बल्लेबाज खतरे से बाहर है और जल्द ही मैदान पर वापसी की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!