May 1, 2026

मुंबई: महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के सामने साउथ अफ्रीका, 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर खिताब जीतने की चुनौती

मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 2 नवंबर को महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जहां भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इतिहास रचने की जंग होगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया अपने पहले वर्ल्ड कप खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। वहीं, लौरा वोल्वार्ड्ट की अगुवाई वाली साउथ अफ्रीकी टीम पहली बार फाइनल में पहुंचकर अपने क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा मुकाम हासिल करने की तैयारी में है। लेकिन भारत के सामने सिर्फ यह मजबूत टीम नहीं, बल्कि एक 20 साल पुराना रिकॉर्ड भी दीवार बनकर खड़ा है।

भारत ने महिला वनडे वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका को आखिरी बार साल 2005 में हराया था। उसके बाद से टीम इंडिया को हर बार हार का सामना करना पड़ा है। वर्ल्ड कप इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक छह मुकाबले हुए हैं, जिनमें तीन-तीन जीत दर्ज की गई हैं। हालांकि, पिछले तीनों वर्ल्ड कप मैचों में साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है। हाल ही में हुए लीग मुकाबले में भी साउथ अफ्रीका ने भारत को सभी विभागों में पछाड़ते हुए आसान जीत दर्ज की थी। अब फाइनल में वही टीम फिर सामने है, और भारत को ट्रॉफी उठाने के लिए इस हार के सिलसिले को तोड़ना ही होगा।

भारतीय महिला टीम अपने इतिहास में तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल खेलने उतरेगी। 2005 में उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार झेलनी पड़ी थी, जबकि 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में खिताब हाथ से निकल गया था। इस बार घरेलू मैदान पर खेल रही टीम इंडिया के पास सुनहरा मौका है कि वह अपने फैन्स को पहली बार विश्वविजेता बनने का जश्न मनाने का अवसर दे। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या हरमनप्रीत कौर की टीम इस 20 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर इतिहास रच पाएगी या नहीं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!