April 22, 2026

शेयर बाजार में भूचाल! सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट, टॉप कंपनियों के अरबों डूबे – जानिए किसे हुआ फायदा?

नई दिल्ली: बीते सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। बीएसई सेंसेक्स 2,112.96 अंक (2.80%) गिर गया, जबकि एनएसई निफ्टी 671.2 अंक (2.94%) लुढ़क गया। खासकर फरवरी में निफ्टी 1,383.7 अंक (5.88%) और सेंसेक्स 4,302.47 अंक (5.55%) टूट चुका है।

किस कंपनी को सबसे बड़ा झटका?

सप्ताह के दौरान बाजार में कमजोरी के कारण शीर्ष 10 कंपनियों में से आठ को बड़ा नुकसान हुआ, जिससे उनका कुल बाजार पूंजीकरण 3,09,244.57 करोड़ रुपये घट गया। सबसे ज्यादा झटका टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को लगा, जिसका बाजार मूल्यांकन 1,09,211.97 करोड़ रुपये घटकर 12,60,505.51 करोड़ रुपये रह गया। इस गिरावट के चलते टीसीएस टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गई, जबकि एचडीएफसी बैंक दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

इन्फोसिस का मार्केट कैप 52,697.93 करोड़ रुपये घटकर 7,01,002.22 करोड़ रुपये रह गया। भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 39,230.1 करोड़ रुपये घटकर 8,94,993.67 करोड़ रुपये और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 38,025.97 करोड़ रुपये घटकर 16,23,343.45 करोड़ रुपये रह गया।

किसने बनाई बढ़त?

गिरावट के इस दौर में कुछ कंपनियों ने अपनी स्थिति मजबूत की। एचडीएफसी बैंक को सबसे ज्यादा फायदा हुआ, जिसका बाजार मूल्यांकन 30,258.49 करोड़ रुपये बढ़कर 13,24,411.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके अलावा, बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 9,050.24 करोड़ रुपये बढ़कर 5,29,516.99 करोड़ रुपये हो गया।

कौन टॉप पर, कौन पिछड़ा?

बाजार गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी रही। उसके बाद एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी का स्थान रहा। बाजार की इस हलचल के बीच निवेशकों की नजर अब अगले हफ्ते की गतिविधियों पर टिकी है – क्या ये गिरावट थमेगी या और गहराएगी?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!