May 2, 2026

शाहरुख खान की ‘ऑपरेशन खुकरी’ हुई डिब्बाबंद, ‘फौजी’ बनने का सपना टूटा, फ्लॉप फिल्म बनी वजह!

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां एक तरफ उन्हें 33 साल के करियर में पहली बार नेशनल अवॉर्ड मिलने की खबर से फैन्स उत्साहित हैं, वहीं दूसरी तरफ एक बुरी खबर ने उनके चाहने वालों को झटका दिया है। शाहरुख खान की एक बहुप्रतीक्षित और मेगा बजट फिल्म ‘ऑपरेशन खुकरी’ अब पूरी तरह ठंडे बस्ते में चली गई है। फिल्म, जिसमें शाहरुख को फौजी के किरदार में देखा जाना था, अब कभी बन ही नहीं पाएगी।

इस प्रोजेक्ट की शुरुआत 2017 में हुई थी, जब रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले ‘ऑपरेशन खुकरी’ को अनाउंस किया गया। फिल्म भारतीय सेना के एक ऐतिहासिक मिशन पर आधारित थी और इसे बड़े स्तर पर बनाने की योजना थी। शाहरुख इस फिल्म में एक मेजर की भूमिका निभाने वाले थे। लेकिन 2018 में आई उनकी फिल्म ‘जीरो’ के फ्लॉप होने के बाद शाहरुख ने अचानक ब्रेक ले लिया और ‘ऑपरेशन खुकरी’ का काम भी रुक गया।

इसके बाद कई सालों तक इस प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करने की कोशिशें होती रहीं। 2024 में डायरेक्टर अमित शर्मा को फिल्म से जोड़ा गया और योजना बनाई गई कि 2025 के दूसरे हाफ में शूटिंग शुरू की जाएगी। लेकिन स्क्रिप्ट पूरी नहीं हो सकी, कास्टिंग अटकी रही और A-लिस्ट एक्टर्स की डेट्स भी उपलब्ध नहीं थीं। ऐसे में प्रोजेक्ट पर एक बार फिर ब्रेक लग गया और अब पक्के तौर पर माना जा रहा है कि यह फिल्म बंद हो चुकी है।

दरअसल, ‘ऑपरेशन खुकरी’ भारतीय सेना का एक रेस्क्यू मिशन था, जिसे साल 2000 में सिएरा लियोन में अंजाम दिया गया था। इस मिशन में भारतीय जवानों को एक विद्रोही संगठन RUF से बचाया गया था। मिशन में भारत के अलावा घाना, नाइजीरिया और ब्रिटेन की सेनाएं भी शामिल थीं। इस बहादुरी भरे मिशन को पर्दे पर उतारने की कोशिश अब अधूरी रह गई है।

खास बात ये है कि अगर यह फिल्म बनती, तो सलमान खान से पहले शाहरुख एक फौजी के अवतार में बड़े पर्दे पर नजर आते। पर अफसोस कि एक फ्लॉप फिल्म के बाद टूटा आत्मविश्वास, समय की कमी और बढ़ता बजट, ‘ऑपरेशन खुकरी’ का सपना तोड़ गया। अब अमित शर्मा एक नए टाइम-ट्रैवल प्रोजेक्ट में जुट गए हैं और ‘ऑपरेशन खुकरी’ की कहानी वहीं खत्म हो गई है।

शाहरुख फिलहाल अपनी अपकमिंग फिल्म ‘King’ की शूटिंग से ब्रेक पर हैं, और हाथ में लगी चोट की वजह से आराम कर रहे हैं। लेकिन इस डिब्बाबंद फिल्म ने फैन्स को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या हम कभी शाहरुख को एक वीर सैनिक के रोल में देख पाएंगे?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!