‘धड़क 2’ की धीमी रफ्तार पर मेकर्स का बड़ा दांव, 99 रुपये में टिकट देकर क्या पलटेगा खेल?
तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी स्टारर फिल्म ‘धड़क 2’ को भले ही समीक्षकों की ओर से सराहना मिली हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही है। 1 अगस्त को रिलीज हुई इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने शुरुआत में कुछ उम्मीद जगाई, मगर चौथे दिन तक इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है। अब इस गिरती कमाई को संभालने के लिए मेकर्स ने एक बड़ा कदम उठाया है — मात्र 99 रुपये में टिकट देने का ऑफर।
फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 3.5 करोड़ की ओपनिंग की थी, दूसरे दिन मामूली बढ़त के साथ 3.75 करोड़ कमाए और तीसरे दिन यानी रविवार को 4.15 करोड़ तक का कारोबार हुआ। लेकिन सोमवार को फिल्म की कमाई बुरी तरह गिरी और केवल 1.4 करोड़ ही जुटा सकी। अब तक कुल कमाई सिर्फ 12.8 करोड़ तक पहुंची है, जबकि फिल्म का बजट 40 करोड़ बताया जा रहा है। इस स्थिति में ‘धड़क 2’ को रिकवर करना आसान नहीं होगा।
इसी वजह से धर्मा प्रोडक्शन्स ने एक खास स्कीम की घोषणा की है। इस ऑफर के तहत 6 अगस्त मंगलवार को देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में दर्शक सिर्फ 99 रुपये में फिल्म देख सकेंगे। हालांकि यह ऑफर सिर्फ स्टैंडर्ड सीटिंग पर लागू होगा, प्रीमियम, 3D और रिक्लाइनर सीट्स के टिकट पर यह लागू नहीं होगा। ऑफर सीमित शो और सीमित थिएटर्स तक सीमित रहेगा।
ऑफर के ऐलान के बाद बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर टिकट की बिक्री में तेजी देखी गई। बुक माय शो के अनुसार, केवल एक घंटे में करीब 1 लाख 55 हजार टिकट बिक चुके हैं। यह आंकड़ा इस बात की ओर इशारा कर सकता है कि सस्ती टिकट स्कीम से फिल्म को थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन यह केवल एक दिन की राहत होगी या फिल्म को दोबारा रफ्तार मिल पाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
फिल्म की कहानी दो अलग-अलग जातियों के प्रेमी जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें समाज की रूढ़िवादी सोच और जातिगत हिंसा का सामना करना पड़ता है। फिल्म का इमोशनल कंटेंट और तृप्ति-सिद्धांत की केमिस्ट्री को सराहा गया है, लेकिन यह सराहना टिकट खिड़की तक नहीं पहुंच पा रही है। अब देखना होगा कि सस्ती टिकट का ये दांव फिल्म के भाग्य को बदल पाता है या नहीं।
Share this content:
