SBI क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए अलर्ट: 1 नवंबर से बदल जाएंगे नियम, फीस और चार्जेस में बड़ा अपडेट
थर्ड-पार्टी ऐप्स से एजुकेशन फीस और वॉलेट लोड करने पर देना होगा 1% अतिरिक्त शुल्क, लेट पेमेंट पर भी बढ़ेगा बोझ
अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। देश के सबसे बड़े कार्ड जारीकर्ताओं में से एक, SBI कार्ड ने अपने ग्राहकों के लिए नए नियमों का ऐलान किया है। ये नियम 1 नवंबर 2025 से लागू होंगे। सबसे बड़ा बदलाव एजुकेशन फीस पेमेंट और वॉलेट लोडिंग पर अतिरिक्त चार्ज को लेकर है, जो सीधे-सीधे कार्ड यूजर्स की जेब पर असर डालेगा।
एजुकेशन फीस पर लगेगा 1% चार्ज
SBI कार्ड ने साफ किया है कि अगर ग्राहक CRED, Cheq, MobiKwik जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स के जरिए पढ़ाई की फीस या अन्य एजुकेशन से जुड़े पेमेंट करेंगे, तो अब उन पर 1% का अतिरिक्त चार्ज देना होगा। हालांकि, अगर वही भुगतान सीधे स्कूल या कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट या वहां उपलब्ध पीओएस मशीन से किया जाता है, तो किसी भी तरह का अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा। इस बदलाव से लाखों पैरेंट्स और स्टूडेंट्स प्रभावित होंगे, जो थर्ड-पार्टी ऐप्स के जरिए पेमेंट करना पसंद करते हैं।
वॉलेट लोडिंग पर भी बढ़ा चार्ज
नए नियमों के मुताबिक, 1,000 रुपए से अधिक वॉलेट लोड करने पर भी 1% का शुल्क लगेगा। यह नियम खासतौर पर उन ट्रांजैक्शन्स पर लागू होगा, जिनका मर्चेंट कोड 6540 और 6541 है। इसका सीधा मतलब है कि अगर आप PhonePe, CRED या किसी अन्य वॉलेट में बड़ी रकम डालते हैं, तो आपको उस रकम का 1% अतिरिक्त चार्ज देना पड़ेगा। चूंकि ये मर्चेंट कोड कार्ड नेटवर्क द्वारा तय किए जाते हैं और कभी भी बदले जा सकते हैं, इसलिए ग्राहकों को हर लेन-देन में सावधानी बरतनी होगी।
बाकी चार्जेस यथावत
SBI कार्ड ने बाकी चार्जेस में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। नकद भुगतान पर अब भी 250 रुपए फीस लगेगी, वहीं अगर आपका भुगतान डिशोनर होता है तो 2% या कम से कम 500 रुपए का चार्ज देना होगा। चेक से भुगतान करने पर 200 रुपए की फीस लगेगी। कैश एडवांस पर 2.5% शुल्क लागू रहेगा, चाहे आप भारत में एटीएम से लें या विदेश में। कार्ड खोने पर नया कार्ड बनवाने की फीस 100 से 250 रुपए के बीच होगी, जबकि Aurum कार्ड के लिए यह 1,500 रुपए है। विदेश में इमरजेंसी कार्ड रिप्लेसमेंट पर 148 से 175 डॉलर तक का शुल्क चुकाना होगा।
लेट पेमेंट चार्जेस भी होंगे भारी
लेट पेमेंट करने वालों की जेब पर भी अब ज्यादा बोझ पड़ेगा। अगर न्यूनतम भुगतान तय समय पर नहीं किया जाता है, तो लेट फीस इस प्रकार होगी:
-
500 रुपए तक के बकाया पर कोई चार्ज नहीं
-
500 से 1,000 रुपए तक पर 400 रुपए
-
1,000 से 10,000 रुपए तक पर 750 रुपए
-
10,000 से 25,000 रुपए तक पर 950 रुपए
-
25,000 से 50,000 रुपए तक पर 1,100 रुपए
-
50,000 से अधिक पर 1,300 रुपए
इतना ही नहीं, अगर दो बिलिंग साइकिल लगातार न्यूनतम भुगतान नहीं किया जाता है, तो 100 रुपए का अतिरिक्त चार्ज लगाया जाएगा और यह तब तक जारी रहेगा जब तक पूरा बकाया क्लियर न हो जाए।
ग्राहकों के लिए चेतावनी
इन बदलावों के बाद, SBI क्रेडिट कार्ड यूजर्स को अपनी पेमेंट आदतों में बदलाव करना होगा। थर्ड-पार्टी ऐप्स और वॉलेट लोडिंग के बजाय सीधे आधिकारिक माध्यमों से ट्रांजैक्शन करना अब ज्यादा किफायती साबित होगा। बैंक की ओर से ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे नए नियमों को ध्यान में रखकर अपने खर्च और भुगतान की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक चार्ज से बचा जा सके।
Share this content:
