April 19, 2026

संभल हिंसा में नया मोड़: एसआईटी के रडार पर सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क, पूछताछ आज

उत्तर प्रदेश के संभल में 24 नवंबर को भड़की हिंसा की जांच कर रही एसआईटी अब समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क तक पहुंच गई है। मामले में नया मोड़ तब आया जब एसआईटी की टीम दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंची और उन्हें बीएनएसएस की धारा 35 के तहत नोटिस थमाया। इस नोटिस के जरिए उन्हें 8 अप्रैल तक जांच में सहयोग करते हुए अपना बयान दर्ज कराने को कहा गया था।

सांसद बर्क के खिलाफ यह कार्रवाई शाही जामा मस्जिद सर्वे के दौरान भड़के उपद्रव के सिलसिले में हुई है। इस मामले में दर्ज एफआईआर नंबर 335/24 में न सिर्फ सांसद को बल्कि सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में सांसद पर भड़काऊ भाषण देने, जबकि सुहैल पर हिंसा फैलाने का आरोप है।

इस केस में जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष जफर अली एडवोकेट को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन पर उपद्रव की साजिश रचने और गंभीर अपराधों में झूठे बयान देने का आरोप है। वहीं, हाईकोर्ट ने फिलहाल सांसद बर्क की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है, लेकिन कोर्ट के आदेशानुसार जांच जारी है और बयान के लिए बीएनएसएस नोटिस का पालन कराया जा रहा है।

सांसद बर्क ने जांच में सहयोग की बात कही है और खुद को भारत का जिम्मेदार नागरिक बताते हुए न्याय प्रक्रिया का सम्मान करने की बात दोहराई है। अब देखना होगा कि पूछताछ के बाद इस हाई-प्रोफाइल केस की दिशा क्या मोड़ लेती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!