April 19, 2026

सलमान खान को मिली बम से उड़ाने की धमकी, घर में घुसकर हमले की भी चेतावनी, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कनेक्शन फिर उजागर

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी मुंबई के ट्रांसपोर्ट विभाग के वर्ली स्थित कार्यालय के व्हाट्सएप नंबर पर भेजे गए मैसेज के जरिए दी गई है। धमकी देने वाले ने न केवल सलमान खान को जान से मारने की बात कही, बल्कि यह भी लिखा कि हमलावर उनके घर में घुसकर उन पर हमला करेंगे और उनकी कार को बम से उड़ा देंगे।

इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मैसेज भेजने वाले की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। यह पहली बार नहीं है जब सलमान को इस तरह की धमकी मिली है। पिछले कुछ समय से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

पिछले साल नवंबर में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर भेजी गई धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने कर्नाटक से 24 वर्षीय सोहेल पाशा को गिरफ्तार किया था। उससे पहले यूपी के नोएडा से मोहम्मद तैय्यब अली नाम के युवक को भी धमकी देने के आरोप में पकड़ा गया था।

बता दें कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि सलमान खान भी उनकी हिट लिस्ट में शामिल थे। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के शूटरों ने कई बार मुंबई में सलमान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ की रेकी की, लेकिन सुरक्षा के चलते वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। हालांकि, पिछले साल अप्रैल में सलमान के घर पर 5 राउंड फायरिंग की गई थी और कुछ महीनों बाद उनके करीबी बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी।

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने भी एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि सलमान खान को मारना उसके जीवन का लक्ष्य है। इन लगातार मिल रही धमकियों के बाद सलमान की सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर मुंबई पुलिस के साथ-साथ निजी सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। साथ ही उस बालकनी पर बुलेटप्रूफ ग्लास लगाया गया है, जहां से सलमान अपने प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!