RR vs LSG: हार के बाद रियान पराग का बड़ा बयान, संदीप शर्मा की गेंदबाजी पर उठाए सवाल
राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल 2025 के एक और रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 19 अप्रैल को जयपुर में हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में आखिरी ओवर तक टक्कर बनी रही, लेकिन अंत में लखनऊ के तेज गेंदबाज आवेश खान ने 9 रन डिफेंड कर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। राजस्थान की टीम एक समय तक अच्छी स्थिति में थी, लेकिन मैच को अंतिम ओवर तक ले जाने की रणनीति भारी पड़ी।
मैच खत्म होने के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने हार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह इस हार को शब्दों में कैसे बयां करें। वह 18-19वें ओवर तक मैच में बने हुए थे और उन्हें लगता है कि शायद उन्हें 19वें ओवर में ही मैच खत्म कर देना चाहिए था। उन्होंने खुद को भी हार का जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अब उनकी टीम को पूरे 40 ओवर तक एकजुट होकर खेलना होगा, तभी वह जीत हासिल कर पाएंगे।
रियान पराग ने गेंदबाज संदीप शर्मा का भी जिक्र किया और बताया कि आखिरी ओवर काफी महंगा साबित हुआ, जिसमें 27 रन लुट गए। उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन अंत का ओवर दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्हें लगा था कि वे लखनऊ को 165-170 रन पर रोक लेंगे। उन्होंने संदीप शर्मा को लेकर कहा कि वह भरोसेमंद गेंदबाज हैं और यह सिर्फ उनका एक खराब दिन था। उन्होंने अब्दुल समद की बल्लेबाजी की भी तारीफ की और कहा कि उनकी टीम को इस लक्ष्य को हासिल कर लेना चाहिए था। विकेट को लेकर उन्हें कोई शिकायत नहीं थी, लेकिन उन्होंने माना कि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में कुछ गेंदें ही मैच का रुख पलट सकती हैं।
इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए और टॉप स्कोरर रहे। डेब्यू कर रहे वैभव सूर्यवंशी ने 34 रन बनाए जबकि कप्तान रियान पराग ने 39 रन की अहम पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। वहीं लखनऊ के लिए जीत के हीरो आवेश खान रहे, जिन्होंने यशस्वी जायसवाल, रियान पराग और शिमरन हेटमायर जैसे तीन बड़े विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।
Share this content:
