PSL 2025: पेशावर जाल्मी ने रचा इतिहास, सबसे बड़ी जीत के साथ मुल्तान सुल्तान्स को रौंदा
पाकिस्तान सुपर लीग 2025 के 9वें मुकाबले में बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर जाल्मी ने 19 अप्रैल को मुल्तान सुल्तान्स को 120 रनों से हराकर टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले यह रिकॉर्ड लाहौर कलंदर्स के नाम था, जिन्होंने 2023 में इस्लामाबाद यूनाइटेड को 119 रन से हराया था। पेशावर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 227 रन बनाए, जिसके जवाब में मोहम्मद रिजवान की कप्तानी वाली मुल्तान सुल्तान्स की टीम सिर्फ 107 रनों पर सिमट गई। यह PSL इतिहास में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत बन गई है।
इस ऐतिहासिक मुकाबले में पेशावर जाल्मी के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों का प्रदर्शन हालांकि खास नहीं रहा। कप्तान बाबर आजम एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ 5 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हो गए। अब तक उन्होंने इस सीजन के 3 मैचों में केवल 3 रन बनाए हैं, जिससे उनका फॉर्म टीम के लिए बड़ी चिंता बन चुका है। हालांकि मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों ने टीम को विशाल स्कोर तक पहुँचाया। टॉम कोहलर कैडमोर ने 52, मोहम्मद हैरिस ने 45, मिचेल ओवन ने 15 गेंदों में 34 और अब्दुल समंद ने 14 गेंदों में 40 रन बनाकर पारी को धार दी।
पेशावर की शानदार गेंदबाजी के आगे मुल्तान सुल्तान्स की टीम टिक नहीं सकी और पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। PSL 2025 के इस सीजन में लगातार एकतरफा मुकाबले देखने को मिल रहे हैं, खासकर रन चेज करने वाली टीमों के लिए हालात मुश्किल रहे हैं। शुरुआती तीन मैचों में दो बार लक्ष्य का पीछा सफल रहा, लेकिन उसके बाद लगातार छह मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीत हासिल की है। इन छह मुकाबलों में से पांच में पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया और कोई भी टीम रन चेज नहीं कर सकी, जिससे यह साफ हो गया है कि इस बार टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी को ही तरजीह दे रही है।
Share this content:
