April 18, 2026

RCB से मिली असली पहचान, टीम इंडिया में खेलने के बावजूद नहीं मिलते थे ऑटोग्राफ: जितेश शर्मा

विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा ने हाल ही में एक ऐसा बयान दिया है जिसने सभी को चौंका दिया। उनका कहना है कि उन्हें टीम इंडिया के लिए खेलने के बावजूद उतनी पहचान नहीं मिली, जितनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से जुड़ने के बाद मिली है। RCB द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में जितेश ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के दौरान लोग उनका नाम लेकर चिल्ला रहे थे और RCB से जोड़कर पहचान रहे थे। उन्होंने बताया कि वहां 100-150 लोग ऑटोग्राफ के लिए इंतजार कर रहे थे, जबकि टीम इंडिया में खेलने के बाद मुश्किल से ही 2-3 लोग ऑटोग्राफ मांगते थे। जितेश ने कहा कि तब उन्हें महसूस हुआ कि RCB के साथ खेलना एक अलग अनुभव है और इस फ्रेंचाइजी की फैन फॉलोइंग वाकई खास है।

अमरावती के रहने वाले जितेश ने यह भी बताया कि वह शुरुआत में क्रिकेटर बनना ही नहीं चाहते थे। उनका सपना NDA के ज़रिए सेना में जाने का था। लेकिन राज्य स्तर पर खेलने पर मिलने वाली 25% छूट के कारण उन्होंने दोस्त के कहने पर ट्रायल दिया। ट्रायल में विकेटकीपर कॉलम में सिर्फ तीन नाम देखकर उन्होंने भी अपना नाम लिख दिया और यहीं से उनका क्रिकेट करियर शुरू हो गया। टीम इंडिया के लिए जितेश ने 9 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 14.28 की औसत से 100 रन बनाए। आईपीएल 2025 में RCB के लिए उन्होंने अब तक 4 पारियों में 29 की औसत और 157 के स्ट्राइक रेट से 88 रन बनाए हैं। ओवरऑल आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें तो जितेश ने 46 मुकाबलों में 23 की औसत और 151 के स्ट्राइक रेट से 818 रन बनाए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!