April 19, 2026

रवि बिश्नोई से चौथा ओवर न करवाने पर ऋषभ पंत ने दी सफाई, हार के बाद जताया अफसोस

आईपीएल 2025 में 14 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें सीएसके ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। लखनऊ की इस हार के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उस फैसले की हो रही है, जिसमें कप्तान ऋषभ पंत ने शानदार गेंदबाजी कर रहे रवि बिश्नोई से चौथा ओवर नहीं करवाया। बिश्नोई ने तीन ओवर में केवल 18 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे, बावजूद इसके उन्हें आखिरी ओवरों में गेंद नहीं दी गई। उनकी जगह पंत ने आवेश खान और शार्दुल ठाकुर जैसे गेंदबाजों पर भरोसा जताया, जिसका खामियाजा टीम को तीन गेंद पहले हार के रूप में भुगतना पड़ा।

मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में जब इस फैसले को लेकर पंत से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ किया कि यह एक सामूहिक निर्णय था और उन्होंने इस पर कई खिलाड़ियों से चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि रवि बिश्नोई से चौथा ओवर न करवाना एक ऐसा फैसला था जो मैच के हालात को देखकर लिया गया, लेकिन अब उन्हें इसका अफसोस है। उन्होंने माना कि पावरप्ले में उनकी गेंदबाजी कमजोर रही, लेकिन वे टीम के तौर पर चीजों को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। पंत ने यह भी कहा कि वे हर मुकाबले से कुछ न कुछ सकारात्मक सीख निकालना चाहते हैं और आगे की रणनीति को बेहतर करना चाहते हैं।

टीम की बल्लेबाजी को लेकर भी ऋषभ पंत ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जब लखनऊ की टीम का मोमेंटम बन रहा था, तभी विकेट गिरते रहे, जिसकी वजह से वे 10-15 रन पीछे रह गए। उन्हें लगता है कि उस पिच पर उनकी टीम 15 रन और बना सकती थी। उन्होंने माना कि विकेट धीमा था, लेकिन वहां टिककर खेला जा सकता था। पंत ने अपनी बल्लेबाजी पर बात करते हुए कहा कि वो धीरे-धीरे लय में लौट रहे हैं और हर मैच में सुधार करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल एक समय में एक ही मैच पर फोकस कर रहे हैं और टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!