April 30, 2026

IND vs ENG: सिर्फ 2 विकेट दूर हैं रवींद्र जडेजा, तोड़ सकते हैं इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज़ का रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा एक बड़ी उपलब्धि से महज दो विकेट की दूरी पर हैं। जहां उन्होंने दूसरी टेस्ट की पहली पारी में 89 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं अब गेंदबाज़ी में भी उनसे धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

पहले टेस्ट में गेंद से नहीं चला था जडेजा का जादू

लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में जडेजा की गेंदबाजी फीकी रही थी। उन्होंने पहली पारी में एक भी विकेट नहीं लिया, जबकि दूसरी पारी में एक विकेट लेने के लिए उन्हें 100 से अधिक रन खर्च करने पड़े। यही वजह है कि बर्मिंघम टेस्ट में उनसे वापसी की उम्मीदें ज़्यादा हैं।

इंग्लैंड की पारी पर अब गेंदबाज़ों की नजर

टीम इंडिया की पहली पारी 587 रनों पर खत्म हुई, जिसके बाद इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। आकाश दीप ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट चटकाकर दबाव बना दिया, जबकि मोहम्मद सिराज ने जैक क्रॉली को आउट किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड 3 विकेट पर 77 रन बना सका था।

अब गेंद रवींद्र जडेजा के पाले में

अब तीसरे दिन सबकी निगाहें रवींद्र जडेजा पर हैं, जिन्हें टेस्ट क्रिकेट में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। अभी तक उन्होंने 81 टेस्ट मैचों में 324 विकेट चटकाए हैं। अगर वे इस मैच में दो और विकेट ले लेते हैं, तो इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ बॉब विलिस को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने 90 टेस्ट में 325 विकेट लिए थे।

जडेजा के सामने अब नया पड़ाव

बॉब विलिस ने अपने करियर में 16 बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया था। जडेजा पहले ही भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पांचवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ अनिल कुंबले, आर अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह हैं, जिनके नाम 400 से अधिक विकेट दर्ज हैं।

अब देखना यह है कि क्या जडेजा बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल दिखा पाते हैं और इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इतिहास रचते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!