April 30, 2026

IND vs ENG: 269 रन की पारी के पीछे छुपा था कप्तान शुभमन गिल का ‘गुप्त प्लान’, आईपीएल के दौरान ही रच दी थी स्क्रिप्ट

टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 269 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। गिल की इस पारी ने न सिर्फ इंग्लैंड की गेंदबाज़ी की कमर तोड़ी, बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में कई रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए। इस पारी के बाद जब गिल ने अपनी तैयारी को लेकर खुलासा किया, तो क्रिकेट फैंस के लिए यह जानना रोचक हो गया कि इस ऐतिहासिक पारी की नींव उन्होंने कब और कैसे रखी थी।

आईपीएल के दौरान ही शुरू कर दी थी टेस्ट की तैयारी

शुभमन गिल ने मैच के दूसरे दिन के खेल के बाद अपने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने इंग्लैंड दौरे के लिए तैयारी आईपीएल 2025 के आखिरी चरण के दौरान ही शुरू कर दी थी। उनके मुताबिक, “मैंने कुछ तकनीकी पहलुओं पर ध्यान दिया और फिटनेस के साथ माइंडसेट पर भी काम किया। आईपीएल के अंतिम हफ्तों से ही मैंने इस टेस्ट सीरीज़ की प्लानिंग शुरू कर दी थी। तीन पारियों के बाद अब महसूस हो रहा है कि वो मेहनत काम आ रही है।”

डकेट का कैच और फील्डिंग को लेकर भी गिल ने किया बड़ा खुलासा

गिल की कप्तानी सिर्फ बल्ले तक सीमित नहीं रही, उन्होंने स्लिप में बेन डकेट का बेहतरीन कैच भी लपका। इस पर उन्होंने कहा, “मैंने बीते कुछ दिनों में स्लिप फील्डिंग की ज्यादा प्रैक्टिस नहीं की थी, क्योंकि सारा ध्यान बल्लेबाजी पर केंद्रित था। लेकिन टीम मीटिंग में फील्डिंग को लेकर चर्चा हुई थी कि पिछले मैच में हम कुछ मौके गंवा बैठे, जिनका नतीजा भी देखने को मिला। इसलिए इस बार अलर्ट रहना था और वो कैच पकड़कर काफी अच्छा महसूस हुआ।”

‘पहले से तय कर लिया था कि अपना विकेट आसानी से नहीं दूंगा’

गिल ने आगे बताया कि टी20 से टेस्ट क्रिकेट में आना एक बड़ी चुनौती होती है। “आपका शरीर और दिमाग दोनों को ढालना पड़ता है। इसलिए मैंने मानसिक रूप से खुद को पहले से तैयार किया था। लीड्स में रन बनाना आसान था, लेकिन एजबेस्टन की पिच पर धैर्य और टेंपरेमेंट बहुत ज़रूरी था। मैंने पहले ही सोच लिया था कि चाहे कितनी भी गेंदें लगें, मैं अपना विकेट आसानी से नहीं दूंगा और बीच मैच में टीम को अधर में छोड़कर नहीं जाऊंगा।”

गिल की इस प्लानिंग, मानसिक मजबूती और तकनीकी तैयारी का ही नतीजा रहा कि वह 387 गेंदों में 30 चौकों और 3 छक्कों के साथ 269 रन की ऐतिहासिक पारी खेलने में सफल रहे। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कप्तान गिल इस फॉर्म को पूरी सीरीज़ में किस तरह आगे ले जाते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!