सर्दियों में जरूर खाएं ये चीजें, BP रहेगा कंट्रोल — AIIMS के डॉक्टर की सलाह

सर्दियों के आते ही लोगों के खानपान में काफी बदलाव आ जाता है। ठंड के मौसम में भूख बढ़ जाती है और लोग गर्मियों की तुलना में ज्यादा खाना खाने लगते हैं। ऐसे वक्त में ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखना और मुश्किल हो जाता है, क्योंकि मौसम के बदलाव के साथ BP अचानक बढ़ भी सकता है। दिल्ली AIIMS के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर नीरज निश्चल बताते हैं कि सर्दियों में कुछ खास खाद्य पदार्थ हैं जो रोजाना के आहार में शामिल करने से हाई ब्लड प्रेशर को सामान्य बनाए रखने में मदद मिलती है।

डॉ. नीरज के अनुसार, मौसम चाहे कोई भी हो—BP को नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले खानपान को सही रखना आवश्यक है। सर्दियों में खास तौर पर कुछ ऐसी चीजें अपनानी चाहिए जो शरीर में गर्माहट देने के साथ-साथ रक्तचाप को भी संतुलित रखती हैं। इनमें कुछ खाद्य पदार्थ वैज्ञानिक शोधों में भी फायदेमंद साबित हुए हैं।

सबसे पहले बात करते हैं पालक की। यह सर्दियों की सुपरफूड सब्जी BP कंट्रोल में बहुत प्रभावी है। एक रिसर्च में लोगों को रोजाना 150 ग्राम पालक दिया गया, जिससे उनका हाई बीपी काफी हद तक नियंत्रण में रहा। पालक में नाइट्रेट नाम का तत्व मौजूद होता है, जो रक्तचाप को कम करता है। इसके अलावा इसमें पोटेशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम भी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो हार्ट हेल्थ के लिए जरूरी हैं।

इसके बाद आते हैं ड्राई फ्रूट्स और बीज। हाई BP के मरीजों के लिए बादाम, अखरोट, पिस्ता, कद्दू के बीज, अलसी और चिया जैसे बीज बेहद फायदेमंद हैं। ये शरीर में अच्छे वसा और मिनरल्स बढ़ाते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर नार्मल रहता है। इनका नियमित सेवन दिल की कार्यप्रणाली को भी मजबूत बनाता है।

सर्दियों का एक और महत्त्वपूर्ण आहार है गाजर। कुरकुरी और मीठी गाजर में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो BP को कम करते हैं। 2023 की एक स्टडी के मुताबिक, रोजाना 100 ग्राम गाजर खाने से हाई BP की संभावना 10% तक कम हो जाती है। इसीलिए ठंड के मौसम में इसे सलाद, सब्जी या जूस के रूप में जरूर शामिल करना चाहिए।

अंडे भी हाई ब्लड प्रेशर में लाभकारी माने जाते हैं। 2023 में अमेरिका में किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग सप्ताह में पाँच या उससे अधिक अंडे खाते हैं, उनका BP उन लोगों की तुलना में कम रहता है जो सप्ताह में आधा अंडा भी नहीं खाते। अंडों में मौजूद प्रोटीन और आवश्यक पोषक तत्व शरीर के संतुलन को बनाए रखते हैं और दिल की सेहत को भी बेहतर करते हैं।

कुल मिलाकर, ठंड के मौसम में सही खानपान अपनाकर हाई ब्लड प्रेशर को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। डॉक्टरों की सलाह है कि सर्दियों की इन हेल्दी चीजों को अपनी रोजमर्रा की डाइट में शामिल करें, नियमित व्यायाम करें और BP को नज़रअंदाज़ न करें। इससे हार्ट डिज़ीज़ और स्ट्रोक जैसे गंभीर खतरे काफी हद तक कम हो सकते हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed