रायबरेली से अपहरण कर युवक की लखनऊ में नृशंस हत्या, चापड़ और हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रायबरेली के नयापुरवा, निरालानगर से शुक्रवार देर रात 40 वर्षीय साजिद नामक युवक का अपहरण कर लखनऊ के खदरा इलाके में बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने साजिद पर चापड़ और हथौड़े से वार किए और कत्ल के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस को जब इस सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिली, तो मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साजिद की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है। घटना की सूचना मिलते ही रायबरेली और लखनऊ की पुलिस हरकत में आ गई और मदेयगंज तथा खदरा क्षेत्र में लगातार दबिशें दी जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मुन्ना नाम के व्यक्ति समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह वारदात राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है, जहां किसी को बीच रास्ते से उठा कर मौत के घाट उतार दिया जाता है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
Share this content:
