April 18, 2026

बाइक की टक्कर से असिस्टेंट मैनेजर की मौत, घर लौटते वक्त हुआ हादसा

कासगंज/सोरों – शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्रामीण बैंक के असिस्टेंट मैनेजर की मौत हो गई। घटना सोरों कोतवाली क्षेत्र के गोरहा नहर के पास हुई, जहां 26 वर्षीय हृदेश की बाइक अचानक सड़क पर आए गोवंश से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल हृदेश को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मोहल्ला नबाव बाल्मीकि बस्ती, कासगंज निवासी हृदेश पुत्र उत्तमचंद्र पाथरे के रूप में हुई है। हृदेश पटियाली की ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। रोज की तरह शुक्रवार को भी वह ड्यूटी पूरी कर सहावर की दिशा से घर लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ।

पुलिस को हादसे की सूचना गोरहा नहर के पास पहाड़पुर गांव के समीप मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि हृदेश की बाइक अचानक सामने आए गोवंश से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन जैसे ही अस्पताल पहुंचे, वहां बेटे की मौत की खबर सुनते ही कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में विलाप और मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!