May 3, 2026

पृथ्वी शॉ का तूफानी शतक, टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें फिर जगीं

बुच्ची बाबू ट्रॉफी 2025-26 में पृथ्वी शॉ ने अपने बल्ले से ऐसा धमाका किया कि हर कोई उन्हें सलाम कर रहा है। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे इस विस्फोटक बल्लेबाज ने महाराष्ट्र की ओर से खेलते हुए डेब्यू मैच में ही शानदार शतक जड़ दिया। छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलते हुए शॉ ने 111 रनों की पारी खेली और साबित कर दिया कि उनका क्लास और दमखम अभी भी बरकरार है।

पृथ्वी शॉ की इस पारी में 141 गेंदों का सामना शामिल था, जिसमें उन्होंने 15 चौके और एक छक्का जड़ा। उनका स्ट्राइक रेट 78 से ज्यादा का रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने ये रन तब बनाए जब महाराष्ट्र की टीम बेहद मुश्किल स्थिति में थी। शुरुआती झटकों के बाद शॉ ने जिम्मेदारी उठाई और टीम को संभालते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया।

दरअसल, महाराष्ट्र की टीम ने सिर्फ 86 रन तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। ऋतुराज गायकवाड़ जैसे अनुभवी बल्लेबाज भी केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए। ऐसे हालात में शॉ ने न केवल पारी को थामे रखा बल्कि तेज़ रन बनाकर टीम को मैच में बनाए रखा। जब वह आउट हुए, तब टीम का स्कोर 166 रन था और उसमें से 111 रन सिर्फ शॉ के खाते में थे।

यह पारी इसलिए भी अहम है क्योंकि पृथ्वी शॉ ने हाल ही में मुंबई की घरेलू टीम को छोड़कर महाराष्ट्र का रुख किया है। रणजी ट्रॉफी में खराब फिटनेस और खराब फॉर्म की वजह से उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र के लिए खेलने का बड़ा फैसला लिया और पहले ही मैच में दमदार बल्लेबाजी कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया।

पृथ्वी शॉ का असली लक्ष्य भारतीय टीम में वापसी करना है। वह लंबे समय से टीम से बाहर हैं और चयनकर्ताओं के प्लान का हिस्सा नहीं रहे। लेकिन इस तरह की पारियां उन्हें एक बार फिर रडार में ला सकती हैं। अगर उनका बल्ला ऐसे ही बोलता रहा तो चयनकर्ताओं के लिए उन्हें नज़रअंदाज करना मुश्किल हो जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!