PCB Central Contract 2025: बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का डिमोशन, सैलरी में बड़ी कटौती
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 2025-26 सीज़न के लिए नया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जारी कर दिया है। इस बार बोर्ड ने ऐसा फैसला लिया जिसने क्रिकेट फैन्स को चौंका दिया है। पाकिस्तान के दो दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम और कप्तान मोहम्मद रिजवान को कॉन्ट्रैक्ट की टॉप कैटेगरी ‘ए’ से बाहर कर दिया गया है। दोनों खिलाड़ियों को कैटेगिरी बी में डाल दिया गया है, जिसका सीधा असर उनकी सैलरी पर पड़ेगा।
सिर्फ बाबर और रिजवान ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को भी बोर्ड ने डिमोट कर दिया है। हैरानी की बात ये है कि इस बार किसी भी खिलाड़ी को कैटेगिरी ए में जगह नहीं मिली। यानी पाकिस्तान टीम के सभी बड़े नाम अब बी और सी ग्रुप में आ गए हैं।
PCB ने इस साल कुल 30 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया है। कैटेगिरी बी में बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, हारिस रऊफ, फखर जमां, अबरार अहमद, सैम अय्यूब और सलमान अली आगा जैसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं। वहीं कैटेगिरी सी में नसीम शाह, अब्दुल्लाह शफीक, मोहम्मद हारिस, सऊद शकील और नोमान अली जैसे नाम रखे गए हैं।
इस बार कुछ नए खिलाड़ियों को भी कॉन्ट्रैक्ट से नवाजा गया है। हुसैन तलत, सलमान मिर्जा और सूफियां मुकीम जैसे खिलाड़ियों को पहली बार मौका दिया गया है। वहीं कैटेगिरी डी में शान मसूद, मोहम्मद वसीम जूनियर, खुर्रम शहजाद और खुशदिल शाह जैसे खिलाड़ियों को रखा गया है।
डिमोशन की लिस्ट में बाबर, रिजवान और शाहीन के अलावा टेस्ट कप्तान शान मसूद और नसीम शाह भी शामिल हैं। शान मसूद को बी से डी कैटेगिरी में गिरा दिया गया है जबकि नसीम शाह को बी से सी में डिमोट किया गया। यह बदलाव बताता है कि PCB अब अपने खिलाड़ियों से ज्यादा निरंतरता और प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है।
Share this content:
