April 30, 2026

दिल्ली: पाकिस्तानी महिला ने पीएम मोदी से लगाई इंसाफ की गुहार, पति पर छोड़ने और दूसरी शादी की तैयारी का आरोप

पाकिस्तान की रहने वाली निकिता नागदेव का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने सीधे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की मांग की है। निकिता का आरोप है कि उनके पति विक्रम नागदेव ने कराची में शादी करने के बाद उन्हें भारत लाकर अटारी बॉर्डर पर छोड़ दिया और जबरन वापस पाकिस्तान भेज दिया। इतना ही नहीं, वह अब दिल्ली में दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है।

निकिता ने बताया कि उन्होंने 26 जनवरी 2020 को कराची में हिंदू रीति-रिवाजों से विक्रम नागदेव से शादी की थी। विक्रम, जो पाकिस्तानी मूल के हैं, इंदौर में लॉन्ग-टर्म वीजा पर रह रहे थे। शादी के एक महीने बाद ही वह निकिता को भारत ले आए, लेकिन उनका वैवाहिक जीवन कुछ ही महीनों में बदल गया। निकिता के अनुसार, 9 जुलाई 2020 को वीजा समस्या का बहाना बनाकर उन्हें अटारी बॉर्डर पर छोड़ दिया गया और पाकिस्तान वापस भेज दिया गया।

निकिता ने कहा कि पाकिस्तान लौटने के बाद उनके पति ने कभी वापस बुलाने की कोशिश नहीं की। अब जब वह उनसे भारत आने की अनुमति मांगती हैं, तो वह साफ मना कर देते हैं। इसी बीच निकिता को पता चला कि विक्रम दिल्ली की एक महिला से गुपचुप दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है, जबकि वह अभी भी कानूनी रूप से उसकी पत्नी हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें इंसाफ नहीं मिला, तो महिलाओं का न्याय और कानून पर विश्वास टूट जाएगा।

निकिता ने अपने वीडियो मैसेज में पति पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शादी के बाद उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्हें यह भी पता चला कि विक्रम का उनके ही एक रिश्तेदार के साथ संबंध था, लेकिन जब उन्होंने यह बात अपने ससुर को बताई तो उन्होंने इसे सामान्य कहकर टाल दिया। निकिता का कहना है कि कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान भी उन्हें जबरन पाकिस्तान लौटने के लिए मजबूर किया गया।

कराची लौटने के बाद निकिता ने 27 जनवरी 2025 को लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला सिंधी पंच मेडिएशन एंड लीगल काउंसिल सेंटर पहुंचा, जिसने विक्रम और उसकी कथित मंगेतर को नोटिस भेजा। हालांकि सुनवाई के बाद मध्यस्थता विफल रही। सेंटर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दोनों पक्ष भारतीय नागरिक नहीं हैं, इसलिए मामला पाकिस्तान के अधिकार क्षेत्र में आता है और सुझाया कि विक्रम को पाकिस्तान भेजा जाए।

यह विवाद इंदौर में भी उठा, जहां निकिता ने सोशल पंचायत से मदद मांगी। पंचायत ने भी विक्रम को पाकिस्तान भेजने की सिफारिश की। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने पुष्टि की थी कि जांच के आदेश जारी किए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले ने फिर से सीमा पार विवाहों, वीजा नियमों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!