US: न्यूयॉर्क के अल्बानी में घर में लगी भीषण आग में 24 वर्षीय भारतीय स्टूडेंट की मौत
सहाजा रेड्डी 90% झुलसीं, अस्पताल में तोड़ा दम; परिवार ने मदद के लिए शुरू किया फंडरेजर
अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य के अल्बानी शहर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय भारतीय छात्रा सहाजा रेड्डी उडुमाला की घर में लगी भीषण आग के बाद मौत हो गई। साइबर सिक्योरिटी में मास्टर्स पूरा करने के बाद सहाजा हाल ही में अमेरिका में नौकरी शुरू की थी। इसी दौरान चार दिसंबर की सुबह उनके किराए के घर में आग लग गई, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गईं। बताया गया कि उनके शरीर का 90% हिस्सा आग में जल गया था। डॉक्टरों द्वारा लगातार इलाज किए जाने के बावजूद सहाजा जिंदगी की जंग हार गईं। इस हादसे ने भारत और अमेरिका, दोनों जगहों पर उनके परिचितों को गहरा सदमा पहुंचाया है।
अल्बानी पुलिस विभाग के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर डिपार्टमेंट मौके पर पहुंच गए। जब तक बचाव दल वहां पहुंचा, तब तक घर का बड़ा हिस्सा जल चुका था और कई लोग अंदर फंसे हुए थे। रेस्क्यू टीम ने चार लोगों को बाहर निकाला और मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें सहाजा की स्थिति सबसे गंभीर थी। पुलिस ने बताया कि तेज धुएं और तेज लपटों के कारण आग तेजी से फैली, जिससे बच निकलने का समय बहुत कम मिला।
सहाजा की कजिन रत्ना गोपू के अनुसार, आग ने उनकी बहन को पूरी तरह तबाह कर दिया था। उनके पूरे शरीर पर जलने के गहरे निशान थे, और कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर कोशिश की, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। अंततः कुछ घंटों की जद्दोजहद के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। सहाजा के चाचा उडुमाला बाला ने बताया कि हादसे के समय सहाजा अपने कमरे में सो रही थीं। आग कैसे लगी, इसकी वजह की जांच जारी है, हालांकि शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की बताई जा रही है।
परिवार ने इस कठिन समय में अंतिम संस्कार, पार्थिव शरीर को भारत भेजने और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए फंडरेजर शुरू किया है। रत्ना गोपू ने बताया कि परिवार अचानक आई इस त्रासदी से भावनात्मक और आर्थिक दोनों तरह की मुश्किलों का सामना कर रहा है। अब तक 1,20,000 डॉलर के लक्ष्य में से 1,09,000 डॉलर से अधिक राशि जुटाई जा चुकी है। दुनिया भर से भारतीय समुदाय ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए आर्थिक मदद भेजी है।
इस बीच, न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सहाजा की मौत पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वे सहाजा के परिवार के साथ संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा। सहाजा तेलंगाना के जनगांव जिले की रहने वाली थीं। उनके पिता आईटी प्रोफेशनल और मां एक स्कूल टीचर हैं। तीन साल पहले वह उज्ज्वल भविष्य की तलाश में अमेरिका गई थीं, लेकिन एक हादसे ने उनकी जिंदगी पर अचानक अंतिम पूर्ण विराम लगा दिया।
