क्या रिंकी और सचिव जी की प्रेम कहानी का होगा हैप्पी एंड? ‘पंचायत’ स्टार संविका ने किया बड़ा खुलासा
वेब सीरीज़ ‘पंचायत’ में रिंकी का किरदार निभा रहीं संविका आज दर्शकों की सबसे पसंदीदा टीवी एक्ट्रेसेज़ में शामिल हो गई हैं। शो के पहले सीज़न में जहां रिंकी सिर्फ नामभर थी, वहीं अब वो कहानी का अहम हिस्सा बन चुकी हैं—खासतौर पर अभिषेक त्रिपाठी उर्फ सचिव जी के साथ उनकी केमिस्ट्री को लेकर। जैसे-जैसे सीज़न आगे बढ़ते गए, वैसा-वैसा दर्शकों का प्यार इस ऑनस्क्रीन जोड़ी के लिए और भी गहराता गया।
अब ‘पंचायत सीजन 4’ के बाद हर किसी को इस सवाल का जवाब चाहिए—क्या रिंकी और सचिव जी एक-दूजे के हो पाएंगे? और इसी सवाल पर अब खुद रिंकी यानी संविका ने चुप्पी तोड़ दी है।
संविका ने खोला दिल का राज
न्यूज़18 शोशा से बातचीत में संविका ने कहा, “लोग बहुत पजेसिव हो गए हैं। वे सचिव जी और रिंकी को अलग देखना ही नहीं चाहते। यहां तक कि अगर मैं किसी और दोस्त के साथ बाहर होती हूं, तो भी लोग पूछते हैं—वो कहां है?” उन्होंने कहा, “हमारी कहानी अभी भी जारी है… लेकिन इसका अंजाम कब और कैसे होगा, यह लेखक ही जानते हैं। लेकिन उम्मीद है कि वे साथ होंगे।”
संविका ने आगे ये भी कहा कि “दर्शक ही राजा हैं और जो वे चाहेंगे, वो शायद लिखा जाएगा। सचिव और रिंकी की केमिस्ट्री अब लोगों की उम्मीद बन चुकी है। और हम खुद भी चाहते हैं कि यह जोड़ी एक दिन मुकम्मल हो।”
क्या रिंकी को पसंद है अभिषेक जैसा लड़का?
इस सवाल पर भी संविका ने बड़ा प्यारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “ज़रूर। अभिषेक से रिंकी प्रभावित है। उसी की वजह से उसने अपने करियर को लेकर सोचना शुरू किया और कुछ करने की चाह जगी। अभिषेक अच्छा इंसान है, जो कम बोलता है लेकिन बहुत कुछ समझता है। ऐसे ही इंसान को आप जीवनसाथी बनाना चाहेंगे।”
‘पंचायत’ सीरीज का सफर
‘पंचायत’ एक छोटे से गांव फुलेरा की कहानी है, जिसमें सरकारी नौकरी के चक्कर में आए एक युवा सचिव की जिंदगी उलझ जाती है, लेकिन धीरे-धीरे वही गांव उसका अपना बन जाता है। नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, फैसल मलिक, दुर्गेश कुमार जैसे कई शानदार कलाकारों से सजी इस सीरीज ने हर उम्र के दर्शकों का दिल जीत लिया है।
अब जबकि सीजन 5 का इंतज़ार शुरू हो चुका है, दर्शकों की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या पंचायत का सबसे प्यारा प्रेम—रिंकी और सचिव जी—आखिरकार मिलन में बदलेगा या नहीं?
Share this content:
