April 18, 2026

वनडे सीरीज से बाहर हुआ मैथ्यू फोर्ड, 16 गेंदों में फिफ्टी जड़ने वाले घातक ऑलराउंडर को लगी गंभीर चोट

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को पाकिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज और विस्फोटक ऑलराउंडर मैथ्यू फोर्ड चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। फोर्ड को यह चोट एक ट्रेनिंग सेशन के दौरान लगी, जब वे कैच लेने की कोशिश में कंधे के बल ज़मीन पर गिर गए। मेडिकल टीम ने पुष्टि की कि वे अब इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।

फोर्ड की अनुपस्थिति में वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर जोहान लायने को स्क्वॉड में शामिल किया है। हालांकि वेस्टइंडीज के पास पहले से ही तेज गेंदबाजों की अच्छी लाइनअप है, जिसमें जेडन सील्स, शमर जोसेफ, रोमारियो शेफर्ड और जेडिया ब्लेड्स जैसे नाम शामिल हैं। स्पिन विभाग की कमान गुडाकेश मोती संभालेंगे। लेकिन मैथ्यू फोर्ड जैसा हरफनमौला खिलाड़ी टीम के संतुलन में अहम भूमिका निभा सकता था।

मैथ्यू फोर्ड ने साल 2023 में वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था और अब तक 13 वनडे मुकाबलों में 17 विकेट झटके हैं। बल्लेबाजी में भी वे उपयोगी रहे हैं और निचले क्रम में उतरकर 172 रन बना चुके हैं, जिसमें एक तेज़ अर्धशतक शामिल है। उनका स्ट्राइक रेट और आक्रामक शैली उन्हें एक खतरनाक खिलाड़ी बनाती है।

वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का संयुक्त रिकॉर्ड भी फोर्ड के नाम है। उन्होंने मई 2025 में आयरलैंड के खिलाफ महज 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया था। उस पारी में उन्होंने 19 गेंदों में 58 रन बनाए थे, जिसमें 2 चौके और 8 छक्के शामिल थे। यही नहीं, इस प्रदर्शन ने उन्हें वनडे क्रिकेट में एक एक्स-फैक्टर खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया था।

वेस्टइंडीज की टीम पहले ही पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज़ 1-2 से हार चुकी है। ऐसे में वनडे सीरीज उसके लिए बहुत अहम है, खासकर 2027 वनडे वर्ल्ड कप में क्वालिफाई करने के लिहाज से। पिछली दो वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की टीम जगह नहीं बना पाई थी। अगर वे पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम को हराते हैं, तो ICC रैंकिंग में उन्हें बड़ा फायदा मिलेगा। लेकिन मैथ्यू फोर्ड की गैरमौजूदगी में यह चुनौती और बड़ी हो गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!