May 1, 2026

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, दिन में छाया अंधेरा; दशहरे तक मौसम रहेगा बदला-बदला

मौसम विभाग ने दी राहत की खबर, अष्टमी-नवमी पर भी बरसेंगे बादल, तापमान में होगी गिरावट

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को तेज बारिश के साथ मौसम ने करवट ले ली। घने बादलों ने आसमान को ढक लिया और दिन में अंधेरा छा गया। बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं।

मौसम विभाग के अनुसार, नवरात्रि की अष्टमी और नवमी यानी मंगलवार और बुधवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। बारिश के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। 2 अक्टूबर को दशहरे के दिन भी बादल छाए रह सकते हैं, जिससे धूप की तीव्रता कुछ कम होगी।

अधिकारियों ने बताया कि 3 से 6 अक्टूबर तक आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर का तापमान 25 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। रविवार को राजधानी ने 38.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सितंबर का सबसे गर्म दिन भी देखा था।

बारिश का असर कई इलाकों में साफ दिखा। वसंत विहार, धौला कुआं, इंडिया गेट, एम्स, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, गांधी नगर, नोएडा और फरीदाबाद में झमाझम बारिश हुई। जखीरा अंडरपास जैसे कई निचले इलाकों में जलभराव ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!