NCR की तरह यूपी में डेवलप होगा SCR, लखनऊ समेत 6 जिलों की तस्वीर बदलेगी
उत्तर प्रदेश सरकार राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर अब लखनऊ-एससीआर (स्टेट कैपिटल रीजन) विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में राजधानी लखनऊ के साथ कुल छह जिले शामिल होंगे। सरकार का लक्ष्य है कि इस रीजन को आधुनिक सुविधाओं, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़कर प्रदेश के विकास का नया मॉडल बनाया जाए। इसके लिए 380 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को सौंप दी गई है।
लखनऊ-एससीआर प्रोजेक्ट में लखनऊ के साथ उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, हरदोई और सीतापुर जिलों के कई इलाके शामिल होंगे। सरकार का मानना है कि इन जिलों को एक रीजन के रूप में जोड़ने से विकास की रफ्तार दोगुनी होगी और राजधानी का बोझ भी कम होगा। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट के लिए जनता की राय भी ली जाएगी। इसके लिए LDA एक विशेष पोर्टल लॉन्च करेगा, जहां लोग अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे।
कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए लखनऊ मेट्रो का विस्तार पूरे रीजन तक किया जाएगा। साथ ही रिंग रोड और हाईवे को आपस में जोड़ा जाएगा, ताकि परिवहन व्यवस्था और मजबूत हो सके। इसके अलावा, लखनऊ-एससीआर में अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम भी लाई जाएगी, जिससे यहां रहने वाले लोगों को कम कीमत में बेहतर घर उपलब्ध कराए जा सकें। यह कदम राजधानी और आसपास के जिलों में शहरीकरण और जनसंख्या के दबाव को संतुलित करने में अहम साबित होगा।
इस प्रोजेक्ट में सिर्फ आवास और कनेक्टिविटी ही नहीं, बल्कि औद्योगिक और आर्थिक विकास पर भी खास ध्यान दिया जाएगा। योजना के तहत पूरे रीजन में स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) और इंडस्ट्रियल जोन स्थापित किए जाएंगे। इससे MSME सेक्टर को नई ताकत मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी विशेष फोकस होगा, जिससे यह क्षेत्र आईटी और टेक्नोलॉजी के हब के रूप में विकसित हो सके।
सरकार का इरादा इस रीजन को अवैध निर्माण और झुग्गी-बस्तियों से मुक्त कराना भी है। अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और स्लम इलाकों का पुनर्विकास किया जाएगा। लखनऊ-एससीआर का यह मॉडल न केवल राजधानी और आसपास के जिलों को नई पहचान देगा, बल्कि उत्तर प्रदेश को निवेश और रोजगार के लिहाज से भी एक आकर्षक गंतव्य बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
Share this content:
