लखनऊ में अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार: मास्टर चाबी से बाइक करते थे चोरी, सस्ते दामों में बेचता था शातिर चोर

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए विभूतिखण्ड पुलिस और क्राइम/सर्विलांस टीम, पूर्वी जोन ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. तावस उर्फ चाँद (25) पुत्र नूरुलहक, निवासी ग्राम कंडेला, थाना कैसरगंज, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लखनऊ के विभिन्न इलाकों में रेकी कर विशेष रूप से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह इन वाहनों को फाइनेंस कंपनी द्वारा जब्त की गई गाड़ियां बताकर दूसरे जनपदों के लोगों को सस्ते दामों में बेच देता था।

ई-एफआईआर से शुरू हुई जांच

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को गोमतीनगर के विवेकखण्ड निवासी ऋषभ देवरा ने यूपी कॉप पोर्टल के माध्यम से ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर UP 32 NV 6118) पिकअप भवन के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। इस मामले में थाना विभूतिखण्ड में मुकदमा संख्या 0380/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हरिओम पटेल कर रहे थे।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से गिरफ्तारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पूर्वी और अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में दो संयुक्त टीमें गठित की गईं। इनमें थाना विभूतिखण्ड पुलिस और क्राइम/सर्विलांस टीम, पूर्वी जोन के सदस्य शामिल थे। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से भौतिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने और पूर्व में हुई वाहन चोरी की घटनाओं से कड़ियां जोड़ने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की गई।

इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना और संयुक्त टीमों के प्रयासों के आधार पर 23 अक्टूबर 2026 को थाना दुबग्गा क्षेत्र के नया पार्क से आरोपी मो. तावस उर्फ चाँद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामदगी के बाद मूल मुकदमे में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

मास्टर चाबी से खोलता था मोटरसाइकिल का लॉक

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में घूमकर मोटरसाइकिलों की रेकी करता था। खास तौर पर हीरो स्प्लेंडर बाइक को निशाना बनाकर मौका मिलते ही मास्टर चाबी की मदद से उनका लॉक खोल लेता था और वाहन चोरी कर फरार हो जाता था। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलों को लखनऊ से बाहर के जनपदों में बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश करता था। खरीदारों को इन गाड़ियों के फाइनेंस कंपनी द्वारा जब्त किए जाने की बात बताकर सस्ते दामों पर बेच देता था, ताकि उन्हें वाहनों के चोरी का होने का संदेह न हो। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक अन्य मोटरसाइकिल को भी बेचने की कोशिश में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आठ मोटरसाइकिलों की चोरी के मामलों का खुलासा

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, बरामद 10 मोटरसाइकिलों में से आठ के संबंध में लखनऊ के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों की जानकारी सामने आई है। दो अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Share this content:

About The Author

You may have missed