नवरात्रि 2025 घटस्थापना मुहूर्त और पूजन विधि

सनातन परंपरा में नवरात्रि को शक्ति की उपासना का सबसे बड़ा पर्व माना गया है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होती है और हर दिन भक्त अलग-अलग रूपों में माता की आराधना करते हैं। मान्यता है कि इन दिनों में विधि-विधान से की गई साधना से साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन से जुड़े कष्ट दूर हो जाते हैं। इसी कारण नवरात्रि का हर क्षण अत्यंत शुभ और पुण्यदायी माना गया है।

इस साल शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ 22 सितंबर 2025 से हो रहा है और इसका समापन 2 अक्तूबर 2025 को दशहरे के दिन होगा। नवरात्रि की शुरुआत घटस्थापना यानी कलश स्थापना के साथ होती है। इसे इस पर्व का सबसे महत्वपूर्ण अनुष्ठान माना गया है क्योंकि कलश में देवी शक्ति का आह्वान किया जाता है। प्रतिपदा तिथि के पहले एक तिहाई भाग को कलश स्थापना के लिए सर्वश्रेष्ठ समय माना गया है। इस वर्ष घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 06:09 से 08:06 बजे तक रहेगा। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त में भी घटस्थापना की जा सकती है, जो सुबह 11:49 से 12:38 बजे तक रहेगा।

कलश स्थापना के लिए भक्तों को विशेष सामग्री की आवश्यकता होती है। इसमें मिट्टी का बर्तन, गंगाजल, सप्तधान्य, आम या अशोक के पत्ते, नारियल, लाल कपड़ा, मौली, सुपारी, फूल-माला और दीपक प्रमुख रूप से शामिल होते हैं। विधि अनुसार, पहले मिट्टी के पात्र में जौ बोए जाते हैं और फिर उस पर कलश स्थापित किया जाता है। कलश में गंगाजल भरकर उसमें लौंग, हल्दी की गांठ, सुपारी, दूर्वा और सिक्का डालना आवश्यक माना गया है। इसके ऊपर नारियल और आम के पत्ते रखकर कलश को विधिवत स्थापित किया जाता है।

नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना विशेष मंत्रों और पूजा-पाठ के साथ की जाती है। सुबह-शाम माता की आरती और दुर्गा सप्तशती का पाठ करना अत्यंत शुभ माना गया है। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है और इस दिन नारंगी, लाल या पीले रंग के वस्त्र धारण करने की परंपरा है। मां को घी का दीपक, फूल और खीर-रबड़ी का भोग अर्पित करना शुभ फल देने वाला होता है।

नवरात्रि का एक और प्रमुख अनुष्ठान कन्या पूजन है। मान्यता है कि कन्याओं में मां का स्वरूप होता है। भक्त अष्टमी या नवमी के दिन नौ कन्याओं का पूजन करके उन्हें भोजन कराते हैं और उनका आशीर्वाद लेते हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में नवरात्रि को दुर्गा पूजा के रूप में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। वहां भव्य पंडाल सजाए जाते हैं और महिषासुरमर्दिनी रूपी मां दुर्गा की विशेष पूजा की जाती है।

पूरे नवरात्रि में घटस्थापना के साथ बोए गए जौ का भी विशेष महत्व है। नौ दिनों तक नियमित जल अर्पित करने पर ये ज्वारे अंकुरित हो जाते हैं, जिन्हें शक्ति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। नवरात्रि के अंत में इन ज्वारों को किसी पवित्र नदी, तालाब या पीपल के पेड़ के नीचे विसर्जित किया जाता है। इस तरह नवरात्रि का पर्व न केवल भक्ति और साधना का उत्सव है बल्कि शक्ति, समृद्धि और जीवन में शुभता लाने का पावन अवसर भी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed