छत्तीसगढ़: नवा रायपुर में दो दोस्तों ने की युवक की बेरहमी से हत्या, प्रेम संबंध बना वजह
छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर से दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां दो युवकों ने मिलकर अपने ही दोस्त की निर्मम हत्या कर दी। हत्या इतनी सुनियोजित थी कि पहले युवक को पार्टी का झांसा दिया गया, फिर गिट्टी खदान में ले जाकर शराब पिलाई गई और बाद में चाकू से गोदकर उसकी जान ले ली गई।
मृतक की पहचान दिनेश दास मानिकपुरी उर्फ माडल (25) के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए युवकों के नाम सोहन कंडारा उर्फ पिंटू (25) और साहेब दास मानिकपुरी (19) हैं। पुलिस के मुताबिक, दिनेश और सोहन बचपन के दोस्त थे, लेकिन दिनेश का सोहन के घर की एक युवती से प्रेम संबंध था, जिससे आरोपी नाराज़ था।
बीस जुलाई को दोपहर में दोनों आरोपी मोपेड से दिनेश के पास पहुंचे और उसे पार्टी के बहाने गिट्टी खदान ले गए। वहां तीनों ने बैठकर शराब पी, लेकिन दिनेश को जानबूझकर ज्यादा शराब पिलाई गई। फिर प्रेम प्रसंग का ताना देकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को बोरी में भरकर खदान में फेंक दिया गया और दोनों आरोपी अपने घर लौट गए।
इतना ही नहीं, हत्या के बाद दोनों आरोपी अगले दिन सामान्य तरीके से काम पर भी चले गए। उधर, दिनेश के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मंदिर हसौद थाने में दर्ज कराई। जब परिजन आरोपियों से पूछने पहुंचे, तो उन्होंने अनजान बनने की कोशिश की।
लेकिन गुरुवार सुबह जब शव पानी से बाहर आया तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने जब सख्ती से जांच की तो सच सामने आ गया और दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसी रात नवा रायपुर के सड्डू बैरागी इलाके में भी एक और हत्या की खबर सामने आई, जिसमें देवेंद्र चंदवानी उर्फ राजा नामक युवक को उसके दोस्तों ने पीट-पीटकर मार डाला। इस मामले में भी पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
दोस्ती के नाम पर रची गई इस साजिश ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे भी जारी है और दोनों मामलों में कानूनी प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है।
Share this content:
