झांसी में पति-पत्नी और प्रेमिका के बीच हाईवोल्टेज ड्रामा, बच्चा लेकर पहुंची महिला बोली – “अब यहीं रहूंगी”
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के टोड़ीफतेहपुर क्षेत्र के रेवन गांव में एक महिला के अचानक बच्चे संग डेरा जमाने से गांव में सनसनी फैल गई है। महिला का दावा है कि गांव का एक युवक उसका प्रेमी है और उसने डेढ़ साल पहले शादी का वादा किया था। अब जब वह किसी और से शादी कर चुका है, तो वह अपने बच्चे के साथ उसके घर के बाहर बैठ गई है और साफ तौर पर कह रही है कि अब वह तभी जाएगी जब उसका प्रेमी उसके साथ जाएगा।
महिला ने बताया कि साल 2022 में उसकी शादी मध्य प्रदेश के छतरपुर में हुई थी, लेकिन इसके बाद भी उसका संबंध उस युवक से चलता रहा। शादी के कुछ महीनों बाद वह छतरपुर छोड़कर युवक के साथ गुरसरांय आ गई और वहीं एक बच्चे को जन्म दिया। अब जब युवक ने दूसरी शादी कर ली, तो प्रेमिका नाराज़ होकर सीधे उसके गांव पहुंच गई है।
युवक की पत्नी ने इस पूरे मामले को खारिज करते हुए कहा कि यह महिला झूठे आरोप लगाकर उनके परिवार को बदनाम कर रही है। पत्नी का कहना है कि उसका पति गांव में ही टेंट की दुकान चलाता है और पिछले दो साल से उनके साथ है, ऐसे में किसी और महिला से संबंध की बात निराधार है। पत्नी ने यह भी कहा कि अगर पति ने कुछ गलत किया है, तो वह खुद उसके खिलाफ खड़ी होगी, लेकिन अब तक ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया।
वहीं प्रेमिका का दावा है कि युवक उसे छतरपुर से चोरी-छिपे गुरसरांय लेकर आया था और तब से साथ रह रहा था। जब उसने घरवालों को बताने की कोशिश की तो युवक ने धमकी दी। अब वह नहीं जानती कि उसे कहां छिपा दिया गया है। महिला का कहना है कि तीन दिन से वह अपने बच्चे के साथ रेवन गांव में डटी है और पुलिस से शिकायत कर चुकी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर ने बताया कि इस मामले में छतरपुर में पहले से ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। अब झांसी में मामला सामने आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। कौन सही है और कौन झूठ बोल रहा है, यह पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा जरूर छेड़ दी है।
Share this content:
