बागपत: दूसरी जाति में शादी से नाराज परिजनों ने बेटी की गला दबाकर की हत्या, शव जलाकर बहाया यमुना में
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के लुहारी गांव में 21 वर्षीय शिवानी कश्यप की ऑनर किलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शिवानी एक दूसरी जाति के युवक अंकित प्रजापति से प्रेम करती थी और उससे कोर्ट मैरिज की जिद पर अड़ी थी। इस रिश्ते से नाराज परिजनों ने बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात जब शिवानी ने कोर्ट मैरिज की बात दोहराई, तो पिता संजीव, मां बबीता, भाई रवि और बुआ की बेटी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रात में ही जला दिया गया और राख को यमुना नदी में बहा दिया गया ताकि कोई सुराग न बचे।
बॉयफ्रेंड अंकित को शिवानी के लापता होने पर शक हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। कड़ी पूछताछ में परिजनों ने जुर्म कबूल कर लिया। पिता और मां गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि भाई और बुआ की बेटी फरार हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि चारों आरोपियों पर हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज किया गया है। शिवानी के साथ लंबे समय से मारपीट की जाती थी और उस पर निगरानी रखी जाती थी, लेकिन वह अपने प्रेमी से शादी करने के फैसले पर अडिग थी।
Share this content:
